विद्यालय के प्रबंधक ने तीन माह का शुल्क माफ करने की घोषणा

● अभिभावकों ने विद्यालय के प्रबंधक के निर्णय की सराहना ।

कछौना (हरदोई) : देश में तेजी से पैर पसार रही वैश्विक महामारी कोरोनावायरस के कारण जारी लॉकडाउन के दौरान निजी और सरकारी स्कूल-कॉलेज बंद हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य प्रीति वर्मा सहित सामाजिक संगठनों ने निजी स्कूलों से तीन माह की फीस माफ करने की अपील की थी। अपील को संज्ञान में लेते हुए जनपद हरदोई के कस्बा कछौना स्थित जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज के प्रबंधन ने इन आपातकालीन हालातों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर अभिभावकों को राहत देते हुए 3 महीनों (अप्रैल-मई-जून) की फीस माफ करने का बड़ा फैसला लिया है। उक्त जानकारी विद्यालय के प्रबंधक व लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र से एमएलसी प्रत्याशी डॉक्टर शिवराज सिंह ने दी है।

जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉक्टर शिवराज सिंह ने बताया कि पूरा देश इस दौरान गोविड-19 की महामारी से जूझ रहा है इस दौरान अभिभावकों के सामने बड़ा संकट आ खड़ा है। इसीलिए इस दौरान हर किसी को राष्ट्रहित में एक दूसरे की कुछ न कुछ किसी भी रूप में मदद करनी चाहिए। इसी उद्देश्य के तहत विद्यालय प्रबंधन की ओर से तिमाही अप्रैल,मई व जून की फीस माफ करने का निर्णय लिया गया है। सभी अभिभावकों को इस निर्णय से अवगत कराने का कार्य विद्यालय स्टाफ द्वारा किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यालय के समस्त स्टॉफ ने भी सर्वसम्मति से अप्रैल, मई व जून का वेतन न लेने का निर्णय लिया है। विद्यालय के प्रबंधक डॉक्टर शिवराज सिंह के इस निर्णय की क्षेत्र के आम जनमानस व अभिभावकों ने प्रशंसा व सराहना करते हुए इसे मानवता की रक्षा के लिए बड़ा कदम बताया है।