स्पेक्ट्रम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में राष्ट्रीय युवा दिवस पर हुआ व्याख्यान

स्पेक्ट्रम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स एवं अद्वैत फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में “स्वामी विवेकानंद : युवाओं के प्रेरणा स्रोत” विषयक व्याख्यान का आयोजन स्पेक्ट्रम हाई फार्मेसी कॉलेज में किया गया। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। फार्मेसी के छात्र कवि संदीप उपाध्याय ने स्वामी विवेकानंद के विचारों से ओत-प्रोत काव्य पाठ किया।

सम्बोधित करते हुए इंजीनियर शशांक वर्मा

कार्यक्रम का शुभारंभ फार्मेसी कॉलेज के प्रिंसिपल नीलकंठ मणि पुजारी ने व्याख्यान के आयोजन के पीछे का उद्देश्य बताते हुए अद्वैत फाउंडेशन ट्रस्ट एवं स्पेक्ट्रम ग्रुप के द्वारा किये गए सेवा एवं सामाजिक कार्यो से सबका परिचय कराया। ट्रस्ट विगत 10 वर्षो से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, आश्रयहीन-जरूरतमंदो को निःशुल्क वस्त्र एवं कंबल वितरण, निःशुल्क पौशाला, स्वच्छता कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, किसानों को समृद्ध बनाने के लिए कार्यशालाएं इत्यादि सामाजिक कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा कोरोना महामारी से लड़ने के लिए भी हजारों की संख्या में फेस मास्क और सैनिटाइजर का वितरण जिले भर में किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अद्वैत फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित स्पेक्ट्रम हाई फार्मेसी कालेज, स्पेक्ट्रम हाई अकादमी और आई.टी.आई. कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में समाज के विकास के लिए अपना अतुलनीय योगदान दे रहें है।

उपस्थित शिक्षकवृन्द व विद्यार्थीवृन्द

व्याख्यान में बतौर मुख्य वक्ता डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर अजय प्रताप सिंह ने स्वामी विवेकानंद के जीवन परिचय से अवगत कराते हुए उनके द्वारा विश्व को दिए गए आध्यात्मिक ज्ञान, शिक्षा, सेवा, समर्पण और त्याग सभी पहलुओं की चर्चा की। स्वामी विवेकानंद के जीवन के छोटे-छोटे संस्मरण सुनाकर उन्होंने छात्रों को विवेकानंद जी के जैसा बनने के लिए प्रेरित किया। स्पेक्ट्रम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स एवं अद्वैत फाउंडेशन ट्रस्ट के चेयरमैन आनंद सावरण ने कहा कि स्वामी विवेकानंद को जानना है तो उनके युवा नरेंद्र से स्वामी विवेकानंद बनने की जीवन यात्रा को जानना होगा। परिचर्चा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के नाते कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान के असिस्टेन्ट प्रोफेसर शशांक कुमार ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से अनुकरण करने वाली बातों से रूबरू कराया।

बीएचईएल के उप-महाप्रबंधक चित्रसेन पांडे ने परिचर्चा के सफल आयोजन के लिए संस्थान को शुभकामनाएं दीं और कहा कि छात्र स्वामी जी को जाने इसकी बहुत आवश्यकता है। स्पेक्ट्रम हाई फार्मेसी कॉलेज की असिस्टेन्ट प्रोफेसर ममता अग्रहरि ने उपस्थित सभी फैकल्टी, स्टाफ और मुख्य वक्ता, अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि आगे भी ऐसे ही शैक्षणिक आयोजन होते रहेंगे। कार्यक्रम में स्पेक्ट्रम ग्रुप के एचआर मैनेजर अनूप मिश्रा, आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्य रविन्द्र तिवारी, समस्त फार्मेसी फैकल्टी और स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन फार्मेसी के लेक्चरर अभिषेक पांडेय ने किया।