हरदोई – शाहाबाद शिक्षा क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल में विषाक्त खाना खाने से दर्जनों बच्चे प्रभावित हो गए जिनको इलाज के लिए सीएचसी शाहाबाद लाया गया।यहाँ गम्भीर हालात में 11 बच्चों को भर्ती करके उनका इलाज किया गया जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर जाने दिया गया।घटना से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
शाहाबाद विकास खंड के जूनियर हाईस्कूल आगमपुर में अध्यापकों व रसोइयों की लापरवाही के चलते दर्जनों बच्चों की जान पर बन आई।यहां स्कूल में मध्यान्ह भोजन में तहड़ी बनी थी।भोजनावकाश के दौरान रसोइयों ने स्कूली बच्चों को वह तहड़ी परोस दी।कुछ बच्चों ने जैसे ही खाना शुरू किया उनको उल्टी शुरू हो गयी और उनकी हालत बिगड़ने लगी।इस घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया।अध्यापकों ने आनन फानन में स्वास्थ्य विभाग से सम्पर्क स्थापित किया।
अध्यापकों की सूचना पर दो एम्बुलेंस स्कूल पहुंची जहां से बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद लाया गया।बताया गया है कि यहां करीब 42 बच्चों को लाया गया जिनमे 11 को इलाज के लिए भर्ती किया गया जबकि शेष को प्राथमिक उपचार के बाद घर जाने दिया गया।जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारी मौके पर पहुंचे।बच्चों के अनुसार खाने में छिपकली गिर गयी थी जिससे सभी बीमार हो गए।हालांकि अध्यापकिका ने भी बताया कि रसोइयों ने खाने में छिपकली की बात बताई है डॉक्टरों के मुताबिक हालात सामान्य है।