कछौना, हरदोई। गौवंशों में फैली लंपी स्किन डिजीज ने ब्लॉक कछौना में दस्तक दे दी है। ग्राम पंचायत त्यौरी मतुआ के ग्राम लालपुर निवासी पशुपालक लालता सिंह की एक बछिया में इस रोग के लक्षण पाए गए हैं।
पशुपालक लालता सिंह ने बताया कि वह राजकीय पशु चिकित्सालय कछौना में अपने पशुओं को टीका लगवाने के लिए कई बार जा चुके हैं, परंतु हर बार उन्हें गुमराह कर दिया गया है। जिसके बाद 10 दिनों से उनकी बछिया बीमार हैं, पशु विभाग को सूचना देने के बावजूद किसी ने सुध लेना मुनासिब नहीं समझा, इसके बाद वह अप्रशिक्षित डॉक्टर की शरण में जाने को विवश हो गए। हजारों रुपये खर्च करने के बाद भी पशु की हालत दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही हैं। उनकी बछिया में लंपी स्किन डिजीज के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। उनकी बछिया के शरीर पर गांठें बन गयी हैं, सिर, गर्दन सहित पूरे शरीर में फैल चुकी हैं। पशु ने चारा खाना छोड़ दिया है। पशु को हल्का बुखार, शरीर पर मोटे दाने, नाक बहना, मुंह से लार गिराना व वजन कम होना लंपी वायरस के लक्षण दिखाई दे रहे है।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते बेजुबान बछिया जिंदगी मौत से जूझ रही है। पशु विभाग कुंभकर्णी नींद सो रहा है। उक्त मामले को लेकर पशु चिकित्सा अधिकारी कछौना से बात की तो उन्होंने बताया अभी तक मामला हमारे संज्ञान में नहीं था, सुबह टीम भेजकर उसका इलाज किया जाएगा, लक्षण के आधार पर खून का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए लैब भेजा जायेगा है। रिपोर्ट आने पर लंपी स्किन डिजीज रोग की पुष्टि की जाएगी।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता