माँ ज्वाला से ज्योति लाने के लिए पाली से भक्तों का जत्था रवाना

रामू बाजपेयी-

पाली (हरदोई)- हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में नगर के पंतवारी देवी मंदिर में दसवाँ विशाल माँ भगवती दुर्गा जागरण आयोजित किया जाएगा। जिसमें माँ ज्वाला से पावन ज्योति लाने के लिए पाली से भक्तों का जत्था बुधवार को रवाना हो गया।

आपको बताते चलें कि 9 अप्रैल को नगर के सुविख्यात पंतवारी देवी मंदिर परिसर में दसवाँ विशाल माँ भगवती दुर्गा जागरण आयोजित होगा। दुर्गा जागरण में सुप्रसिद्ध गायक रामकुमार लक्खा के अलावा मनीषा रावत, शिवम रंगीला एवं मेघा रूहानी आदि कलाकार अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे ।

जागरण में माँ ज्वाला जी की ज्योति स्थापित करने के लिए अखण्ड ज्योति को लेने भक्तों का एक जत्था वुधवार को पाली से हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हुआ। इससे पहले भक्त पंतवारी देवी मंदिर पर एकत्र हुए और मां का आशीर्वाद लिया। उसके बाद अपनी यात्रा शुरू की। मुख्य व्यवस्थापक अजय गुप्ता ने बताया कि नगर से 58 भक्त लोगों का समूह माँ ज्वाला धाम के लिए प्रस्थान कर रहा हैं, इनमें 6 महिलाएं भी हैं। 7 अप्रैल को माँ ज्वाला जी की अखण्ड ज्योति का आगमन भक्तों के साथ आंझी स्टेशन पर होगा। जिसके बाद सैकड़ो की संख्या में पाली नगर से भक्तों का समूह आंझी स्टेशन पहुंचकर मां की ज्योति को लेकर पाली गाजे-बाजे के साथ दोपहिया व चौपहिया वाहनों के काफिले के साथ पहुँचेगा।

ज्वाला जी जाने वाले भक्तों में अजय गुप्ता, अनुज मिश्र, उमेश श्रीवास्तव, शिवरतन सिंह, बब्लू रावत, गुपल्ली कटियार, रामजी शुक्ल, जयप्रकाश मिश्र, अजय बाजपेई, रामजी दीक्षित, सुधीर बाजपेई, विनोद शुक्ल, प्रकाश बाजपेई, सचिन अवस्थी, अनुज सैनी आदि हैं।