बस ऑपरेटर्स को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए गए निर्देश

बदायूँ: कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में नगर मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने सहायक परिवहन अधिकारी सुहैल अहमद, यात्री कर अधिकारी रमेश चन्द्र प्रजापति एवं यातायात निरीक्षक राममिलन तथा बस ऑपरेटर्स यूनियन के अध्यक्ष ओमकार सिंह एवं सचिव मुस्ताहिद खां, बस मालिकों एवं ऑपरेटर्स के साथ बैठक आयोजित की।

नगर मजिस्ट्रेट ने सभी बस ऑपरेटर्स को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बदायूँ-उसावां, बदायूँ-उसहैत की बस स्टैण्ड से चलकर पहला स्टाॅप मिशन स्कूल से सबारियाँ लेंगी तथा दूसरा स्टाॅप मण्डी समिति पर होगा। इसके अलावा यदि बसें कहीं और से सबारियाँ बैठाएंगी तो उनके बस आपरेटर्स के खिलाफ दण्डात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इसी प्रकार बदायूँ से बिल्सी, इस्लामगनर, कादरचौक एवं सहसवान जाने वाली बसों के लिए पहला स्टाॅप इस्लामियाँ इंटर काॅलेज के पास यात्रीशेड पर तथा दूसरा स्टाॅप लालपुल यात्री शेड पर होगा। इसी क्रम में आंवला मार्ग की ओर जाने वाली बसों के लिए दातागंज तिराहा पहला स्टाॅप एवं दूसरा नवादा पर होगा।

नगर मजिस्ट्रेट ने बस ऑपरेटर्स यूनियन के अध्यक्ष ओमकार सिंह को निर्देश दिए कि प्रत्येक बस पर स्टाॅप के क्रम लिखवा दिए जाएं। निर्धारित स्टाॅप पर ही यात्रियों को बैठाया एवं उतारा जाए।