हरदोई– हरियावां ब्लॉक में मनरेगा कार्य जेसीबी मशीन से कराया जा रहा है। रात के अंधेरे में ग्राम प्रधान गरीब, मजदूरों का हक मारकर जेसीबी चलवा रहे है। शिकायतकर्ता ने जिसकी शिकायत डीएम से करते हुए कार्यवाही की मांग की है। जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है।
बताया गया कि हरियावां विकास खंड के पेंग गांव में ग्राम प्रधान मनरेगा के कार्यों में धड़ल्ले से जेसीबी चलवा रहे है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि रात के अंधेरे में ग्राम प्रधान जेसीबी मशीन चलवाते है। जिसके चलते श्रमिकों का हक मारा जा रहा है जोकि मनरेगा कार्यों का दुरूपयोग है। दिनेश पाल ने जिलाधिकारी को शिकायत करते हुए मामले में कार्यवाही की मांग की है। उसने बताया कि शासन की मंशा है कि मनरेगा के कार्यों में गरीब मजदूर जुड़े। जिससे वह इस योजना के जरिए रोजगार का लाभ उठाये।
ग्राम प्रधान के द्वारा ग्रामसभा में जो भी कार्य कराए गए है,उन सब में भ्रष्टाचार किया गया है।इसके अलावा ग्राम पंचायत में जो कार्य कराए गए है वह सब अपात्रों को दिए गए है। आवास योजना में अपात्रों को आवास दिए गए है जबकि कई पीड़ित परिवार दशकों से झोपड़ी में रह रहे है। इन सब मामले में जांच कराकर पीड़ित ने कार्यवाही की मांग की है। फिलहाल जेसीबी चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में तमाम तरह की चर्चा आम है। जब इस संबंध में बीडीओ हरियावां से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पेंग ग्रामसभा में कोई मस्टर रोल नहीं जारी किया गया है। मामले में शिकायत मिली है और वीडियो वायरल हो रहे है। जिसमें जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जायेगी।
सचिव अमित कृष्ण श्रीवास्तव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बीडीओ साहब की परमिशन से बांध बंधवाया गया है। जिसको बांधना श्रमिकों के बस की बात नहीं थी। ऐसी कोई बात नहीं है पूरे गांव की सहमति है। इसमें न कोई मस्टर रोल और न ही कोई पैसा जारी किया गया है।