कछौना– लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रेलवे गेट नंबर 96 ए पर लगभग 2200 मीटर लम्बाई के ओवर ब्रिज कंस्ट्रक्शन का काम शुरू हो गया है। इससे राहगीरों के आवागमन में विकट समस्या आ गयी है। यात्रियों व रेहड़ी-पटरी दुकानदारों की सुगमता हेतु अंडरपास और ओवर ब्रिज पिलर बनाने की मांग करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष राधारमण शुक्ल ने सांसद अशोक रावत को ज्ञापन सौंपा।
मालूम हो कि कछौना पंचायत से गुजरे लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसी मार्ग पर बालामऊ जंक्शन-कानपुर रेलवे ब्रांच लाइन की क्रॉसिंग भी है। इसी के दृष्टिगत लगभग 2200 मीटर का ओवर ब्रिज बनाने का काम शुरू किया जा रहा है। निर्माण की प्रक्रिया में मौजूदा रेलवे फाटक को बंद कर टेंपरेरी निकास व्यवस्था की जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष राधारमण शुक्ल, व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरव गुप्त, वरिष्ठ उपाध्यक्ष क्रांतिवीर सिंह, पूर्व सभासद रंजीत राव, सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सिंह ने सांसद अशोक रावत को ज्ञापन देते हुए बताया कि रेलवे फाटक की पश्चिमी दिशा में ब्लॉक और कोतवाली है। साथ ही पशु चिकित्सालय भी है और इसी के पास क्षेत्र का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा लंगड़े दास का मंदिर और एक कॉलेज है। यह व्यस्ततम रास्तों में से एक है।
कछौना में कई प्राइवेट स्कूल, सरकारी स्कूल, पांच बैंक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी है। जिस कारण रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना रहता है और आवागमन की व्यवस्था से हजारों लोग प्रभावित होंगे। कछौना चौराहे पर व्यापार कर रहे सभी छोटे और बड़े व्यापारियों का व्यापार खत्म हो जायेगा। रेहड़ी-ठेले वाले बेरोजगार हो जाएंगे और इनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट भी खड़ा हो जाएगा। जनहित को ध्यान में रखते नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ सुधी समाजसेवियों ने आवागमन की सुगमता हेतु अंडरपास बनवाने की मांग की है।