आज से ‘मुख्यमंत्री समग्र ग्राम्य विकास योजना’ प्रारंभ

लखनऊ में आज मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ योगी ने कहा कि 8.85 लाख लाभार्थियों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास बनाने का अभूतपूर्व कार्य ग्राम्य विकास विभाग ने किया है । मुझे विश्वास है कि ग्राम्य विकास विभाग बिना किसी भेदभाव के हर ग्रामीण, हर गांव और हर मजरे तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करेगा ।

ग्राम्य विकास विभाग द्वारा आज ‘मुख्यमंत्री समग्र ग्राम्य विकास योजना’ प्रारंभ की जा रही है। इस विकास योजना का केंद्र बिन्दु गांव का वह व्यक्ति होगा, जो अब तक उपेक्षित था, प्रताड़ित था और शासन की योजनाओं से वंचित था । ग्राम्य विकास विभाग की पुस्तिका शासन की योजनाओं को गांव-गरीब, किसान और समाज के हर तबके तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका का निर्वहन करेगी । देश ही नहीं दुनिया के अंदर सर्वाधिक आवास की योजना अगर किसी ने चलाई है, तो वह उत्तर प्रदेश का ग्रामीण विकास विभाग है ।

मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ योगी ने कहा सीमा की सुरक्षा करते हुए सेना और अर्द्धसेना के जो जवान शहीद हो जाते हैं, हम ऐसे जवानों के नाम पर गाँव में विकास योजनाएँ शुरु करेंगे । लोगों के विकास के साथ ही शहीदों के गांवों को शहीद गांव का दर्जा देने और फिर उन गांवों के मार्गों को गौरव पथ से जोड़ने के लिए भी हम योजना ला रहे हैं । योजना के माध्यम से गांव को जोड़ने का जो पथ होगा, वो गौरव पथ होगा, जिसे ग्राम्य विकास विभाग सम्पन्न करेगा । उसका तोरण द्वार उस शहीद के नाम बनेगा और उस शहीद की प्रतिमा को भी उस गांव के बाहर लगवाने की व्यवस्था ग्राम्य विकास विभाग करेगा, जिससे वह अन्य नौजवानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सके ।