कछौना, हरदोई। नगर पंचायत कस्बे में सांसद, विधायक निधि व नगर पंचायत प्रशासन द्वारा लगाई गई दर्जनों हाई मास्ट लाइटें, सोलर लाइटें देखरेख के अभाव में सफेद हाथी साबित हो रही हैं। इनसे बैटरी, सोलर बैटरी, सोलर प्लेट, लाइटें गायब हो चुकी हैं। इन हाई मास्ट लाइटों से चौमुखी प्रकाश से सार्वजनिक स्थल व सड़कों पर रोशनी रहतीं थी, जो अधिकांश खराब पड़ी हैं।
नगर पंचायत की अनदेखी के चलते लाखों रुपए की कीमत की हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट व सोलर लाइट शोपीस बनकर रह गई हैं। सार्वजनिक स्थलों, विद्यालय परिसर, सामुदायिक अस्पताल व चौराहों पर इन लाइटों की वजह से नगर की सुंदरता में चार चांद लग जाते थे। वही चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगा था। रात में हमेशा रोशनी होने के कारण चोरों व अराजकतत्वों के अंदर हमेशा डर बना रहता था। नगर पंचायत को आदर्श नगर बनाने के लिए किए गए प्रयासों पर विभागीय अधिकारियों ने पानी फेर दिया है। धीरे-धीरे कुछ सामग्री गायब होने के बाद मौके से पिलर भी गायब हो जाते हैं। कस्बे के जागरूक नागरिकों ने इन हाई मास्ट लाइटों, स्ट्रीट लाइटों व सोलर लाइटों को तत्काल सही कराने की मांग उच्च अधिकारियों से की है।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता