विज्ञान प्रतिभा अन्वेषण हेतु विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा के लिए आवेदन 30 सितम्बर तक

विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा का आयोजन विगत कई वर्षों से विज्ञान भारती, विज्ञान प्रसार व NCERT के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस बार यह परीक्षा ओपन बुक सिस्टम के तहत आयोजित की जाएगी । इसमें सफल अभ्यर्थी पहले प्रदेश स्तर पर व तत्पश्चात राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा के लिए अर्ह होंगे । इस ऑनलाइन परीक्षा में कक्षा 6 से 11 तक के बच्चे प्रतिभाग कर सकते हैं। परीक्षा के लिए आवेदन 30 सितम्बर तक किए जा सकते हैं परीक्षा 29 और 30 नवम्बर 2020 को आयोजित की जाएगी ।

हरदोई में पीबीआर इण्टर कॉलेज तेरवा गौसगंज, हरदोई के रसायन विज्ञान, प्रवक्ता प्रदीप नारायण मिश्र इस विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा के जिला समन्वयक हैं । श्री मिश्र जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार यह परीक्षा बच्चे घर से ही दे सकेंगे। बशर्ते बच्चों के पास एन्ड्रायड फोन या लैपटॉप होना चाहिए। इस परीक्षा हेतु शुल्क ₹100 है ।

प्रदीप नारायण मिश्र ने परीक्षा के प्रारूप के विषय में भी जानकारी साझा की । उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में कुल 100 बहु-विकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं और परीक्षा की अवधि 90 मिनट अर्थात डेढ़ घण्टे की होगी भारत का विश्व विज्ञान में योगदान से 20 प्रश्न ,वेकटेश बापूजी केतकर के जीवन व उनके समय मापन के क्षेत्र में किये गये कार्य से 20 प्रश्न, विज्ञान व गणित विषयों से 50 प्रश्न व रीजनिंग के 10 प्रश्न पूछे जाएंगे।

कोविड19 की वजह से इस बार परीक्षा के प्रारूप में कई बदलाव किए गए हैं । परीक्षार्थी हिन्दी, अंग्रेज़ी समेत लगभग एक दर्जन भाषाओं में इस परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं । तैयारी के लिए छात्र www.vvm.org.in का लाभ भी ले सकते हैं । किसी भी समस्या के निवारण के लिए प्रतिभागी हेल्पलाइन 9839110707 पर कॉल कर सकते हैं ।