पात्र सो रहे खुले आसमान में, दो मंजिल ऊपर बन रहे पीएम आवास

प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी की मिलीभगत से हुआ बड़ा घोटाला, ग्रामीणों ने की डीएम से शिकायत, एडीएम ने कहा जाँच बैठाएंगे

          जिले के शाहाबाद विकास खंड इलाके में प्रधान व पंचायत सेक्रेटरी के द्वारा मिलीभगत करके प्रधानमंत्री आवास योजना में चल रहा घोटाला सामने आया है। जिसके तहत कई ऐसे लोगों को योजना का लाभ मिला है जो पहले ही अन्य योजनाओं का लाभ ले चुके हैं। साथ ही कई ऐसे भी लाभांवित हैं जिनके पास पहले से ही पक्के मकान हैं और कुछ दस साल पहले मर चुके व बाहरी लोगों के नाम भी ऐसी योजना में शामिल किए गए है।बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी की मिलीभगत ने पीएम आवास योजना पर जमकर पलीता लगाया है।
        हरदोई के विकास खण्ड शाहाबाद की ग्राम सभा है परियल। जहां गांव के कई लोगों को अपात्र दिखाकर आवास बांट दिए गए। यही नहीं ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी की मिलीभगत ने पीएम आवास योजना को जमकर पलीता लगाया और कई उन लोगों के नाम शामिल कर दिए जो इस दुनिया से विदा हो चुके हैं। मामले की जानकारी लोगों को तब हुई जब प्राथमिक स्कूल की दीवार पर पूरी सूची लिखी गयी। सूची देख वह लोग चकित हो गए जिनके नाम तो इस सूची में शामिल हैं लेकिन उन्हें आवास नहीं मिला।
      मामले की जानकारी पाकर ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे निराश होकर शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री के पोर्टल पर की है जिसके बाद अधिकारियों की नींद टूटी और वह गांव में पहुंचे। अब प्रधान व सेक्रेटरी ने लोगों को धमकाना शुरू कर दिया है। इस मामले में एडीएम डॉक्टर विपिन मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के दौरान जो आवास फर्जी पाए जाएंगे उनसे जारी किए गए धन की रिकवरी की जाएगी और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।