कछौना(हरदोई): ग्राम स्वराज अभियान के तहत ग्राम कटियामऊ में रात्रि प्रवास के दौरान सांसद अंजू बाला व उपजिलाधिकारी संडीला आशीष सिंह के समक्ष शिकायतों का पिटारा खोल दिया। ग्रामीणों ने राशन व्यवस्था, ग्राम पंचायत अधिकारी का ग्रामसभा में नियमित रूप से पंचायत घर पर न मिलना, सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा की शिकायतें की। वहीं ग्रामसभा में सिंचाई के लिए नलकूप, शमशान घाट व मोहल्ले में एक विद्युत पोल की मांग रखी।
सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहली ऐसी सरकार है जो सरकारी योजनाओं की जमीनी स्तर पर हकीकत जानने के लिए खुले रुप में ग्रामीणों के मध्य पहुंच रही है। जिसमें आप सब की जागरूकता के चलते पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ बिना कोई दलाल और बिचौलिए के मिल रहा है। वहीं ग्रामीणों के अथक प्रयास व एच०सी०एल० फाउंडेशन के सहयोग से आप सभी ने अपने ग्रामसभा को खुले में शौच से मुक्त कराकर एक मिसाल पेश की है जिससे आप सभी बधाई के पात्र हैं। गांव स्वच्छ हो गया है और वहीं ग्रामीणों में बीमारी भी कम हो गई है। जहां खुले में शौच जाने से गांव का प्रत्येक घर में कोई न कोई बीमार रहता था, इससे निजात मिली है। हमारी सरकार योजनाओं को ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ लागू कर रही है जिससे अंतिम व्यक्ति को योजना का सही लाभ मिल रहा है। योजनाओं का सीधे लाभ आपके खाते में आ रहा है।
ग्रामीण कर्ण सिंह ने सांसद के समक्ष बताया कि हमारे ग्राम पंचायत का पंचायत घर काफी जर्जर है जिससे ग्राम पंचायत अधिकारी वहां कभी नहीं रुकते हैं और इस वजह से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्य के लिए 8 किलोमीटर दूर ब्लाक दौड़ना पड़ता है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी आशीष सिंह ने ग्राम पंचायत अधिकारी को सख्त निर्देश दिया कि वह रोस्टर के हिसाब से ग्राम पंचायत घर में बैठना सुनिश्चित करें। दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार द्वारा नियमित दुकान नहीं खोली जाती है। वितरण भी मनमानी तरीके से किया जाता है। निर्धारित मात्रा से कम राशन व निर्धारित मूल्य से ज्यादा शुल्क लेना कोटेदार की आदत में शुमार है। जिस पर उपजिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को कड़ा निर्देश दिया और कहा कि जांच कर सख्त कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि राशन वितरण समय में ज्यादातर पर्यवेक्षीय अधिकारी नदारद रहते हैं जिससे वितरण में ज्यादा शिकायतें आती हैं। यह लोग वितरण समय उपस्थित रहना सुनिश्चित करें। जिनकी रेण्डम जांच कराई जाएगी। अनुपस्थित होने पर ठोस कार्यवाही की जाएगी। सांसद जी ने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, जनधन खाता, सौभाग्य योजना के पात्र लाभार्थियों से अपडेट ली। तब ग्रामीणों ने खुले तौर पर बताया कि इस योजना का लाभ पाने में उन्हें कोई सुविधा शुल्क नहीं देना पड़ा। आशाबहू द्वारा खेलकूद मैदान खाली कराने की मांग की गई। कई विभाग के अनुपस्थित अधिकारियों की रिपोर्ट सांसद द्वारा जिलाधिकारी को दी गई है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत अधिकारी सद्दाम हुसैन, पशु चिकित्सा अधिकारी रमेश यादव, बाल विकास परियोजना अधिकारी, प्रभारी कोतवाली कछौना महेंद्र सिंह गौड़, विद्युत विभाग से अवर अभियंता राजेश गौतम व भाजपा के मंडल अध्यक्ष ब्रम्ह कुमार सिंह, जिला विस्तारक सुरेंद्र गुप्ता, मंडल महामंत्री आलोक दीक्षित, डॉक्टर आशीष गुप्ता, अनूप सिंह, विजय सिंह, सभासद धर्मेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान कटियामऊ रामआसरे सहित सैकड़ों की संख्या में पुरुष व महिलाएं मौजूद थे।
रिपोर्ट: पी०डी० गुप्ता