■ 10 लाख से अधिक लागत के कार्यों में ई टेंडरिंग अवश्य करायी जाए:- मंगला प्रसाद सिंह
आज विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने सीएनडीएस को आईटीआई शाहाबाद में विद्युत संयोजन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्र शीघ्र पूर्ण कर हस्तांतरित किये जायें। उन्होंने सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने राजकीय निर्माण निगम को मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य मे तेजी लाते हुए समय सीमा के अंतर्गत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्था को राजकीय पॉलिटेक्निक सण्डीला का अवशेष कार्य पूरा कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाहाबाद तहसील के आवासीय भवनों का कार्य जल्द कराया जाए।
यूपीपीसीएल को ककरघटा स्टेडियम व शाहाबाद में मिनी स्टेडियम में विद्युत संयोजन का कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को सरकारी नवनिर्मित भवनों में विद्युत संयोजन के आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। सिडको को राजकीय आईटीआई सण्डीला में अवशेष कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संस्थाओं को सांसद एवं विधायक निधि से होने वाले कार्यों को ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 10 लाख से अधिक लागत के कार्यों में ई टेंडरिंग अवश्य करायी जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरुरानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश तिवारी, पीडी गजेन्द्र तिवारी सहित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।