तीन दिन पूर्व लोनार थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर फेंके गए शव की पहचान तो नहीं हो सकी, लेकिन उसके सिर में लगी चोट के निशान से हत्या की आशंका जताई जा रही थी।तीसरे दिन शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
लोनार कोतवाली इलाके के गांव अलियापुर के धीका के पास तालाब किनारे अज्ञात महिला (45) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। इसकी सूचना ग्रामीणों ने यूपी 100 पुलिस को दी। पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। थानाध्यक्ष नजमुल हसन नकवी ने ग्रामीणों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। महिला के सिर पर चोट के निशान थे। वह काही रंग की साड़ी पहने हुए थी। माना जा रहा है कि महिला कहीं बाहर की थी और उसे फेंका गया। सीओ ममता कुरील ने भी मौके पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली थी।शव की पहचान न होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।