कछौना चौराहा पूर्वी के वासियों ने जनसमस्याओं के निराकरण हेतु दिया ज्ञापन

कछौना, हरदोई। बेमौसम बारिश के कारण व जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण नगर पंचायत कछौना पतसेनी के मोहल्ला के कछौना चौराहा पूर्वी के नगरवासी कूड़े के ढेर व गंदगी से होने वाली संक्रामक बीमारियों से आजिज आकर शनिवार को नगर प्रमुख प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा व अधिशासी अधिकारी को जन समस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन दिया।

नगरवासी मोहम्मद जलील, अनिल कुमार, गुड्डू, मोहम्मद मतीन, मोहम्मद कयूम कुरैशी, जमालुद्दीन, मोहम्मद रियाज ने दिए गए ज्ञापन में बताया हमारा मोहल्ला कछौना चौराहा पूर्वी में अहिरानी तालाब स्थित है। जिसमें पूरे नगर का पानी आता है, परंतु इस तालाब का पानी आगे निकलने का रास्ता अवरोध हो चुका है। जिससे पानी की निकासी नहीं होती है। इसके कारण आबादी क्षेत्र में हमेशा जलभराव बना रहता है। जलभराव, कूड़े व गंदगी के कारण हमेशा बदबू आती है। घरों में कीड़े मकोड़े पहुंच जाते हैं। इस समय गंदगी के कारण प्रत्येक घर में कोई न कोई संक्रामक बीमारी बुखार, ज्वार से प्रभावित है। यह स्थान गंदगी का हब बना है। मोहल्ले वासियों का जीना दुश्वार है। छोट्टा मिया के घर से तालाब तक आने वाला नाला भी जगह-जगह टूट चुका है। नगर प्रमुख प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा उर्फ गोल्डी व अधिशासी अधिकारी रामरतन यादव ने मोहल्ले वासियों को गंभीरता से सुना। नगर प्रमुख प्रतिनिधि ने बताया कुछ माह पूर्व लखनऊ हरदोई मार्ग नेशनल हाईवे 731 के तहत स्वीकृत हो गया है। अधिकारियों को नगर की जल निकासी की समस्या से अवगत कराया जा चुका है।

अधिशासी अधिकारी ने नगर की ज्वलंत समस्या को ध्यान गत रखते हुए मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ ड्रेन का निर्माण कराया जाएगा। पूरे नगर का पानी ड्रेन में गिरेगा। जिससे नगर वासियों को जल निकासी की समस्या से निजात मिलेगी। अधिशासी अधिकारी राम बदन यादव ने सफाई कर्मियों को युद्ध स्तर पर सफाई करने व एंटी लारवा का छिड़काव व छोट्टा मियां के घर पर जाली लगवाने का नगर पंचायत कर्मियों को निर्देश दिया।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता