विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण कर दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास खंड कछौना के वन रेंज कार्यालय परिसर सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों, दफ्तरों के अधिकारियों, कर्मचारियों के द्वारा वृक्षारोपण किया गया। विभिन्न जगहों पर वृक्षारोपण के दौरान पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए जागरूक रहने का आह्वान किया गया। पर्यावरण प्रेमियों द्वारा भी वृक्षारोपण कर क्षेत्र के आम जनमानस से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की गई।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वन रेंज कार्यालय कछौना पर वन रेंज दरोगा रामचंद्र ने स्टाफ के साथ वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि सभी को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा इनके कटान व विनाश को रोकने के लिए समाज के हर व्यक्ति को जागरूक रहना चाहिए। कोतवाली कछौना परिसर में प्रभारी निरीक्षक रॉय सिंह यादव के नेतृत्व में समस्त पुलिसकर्मियों ने पर्यावरण सुरक्षा व संरक्षण की शपथ लेते हुए पौधे रोपे। वहीं नगर पंचायत कछौना पतसेनी के अधिशासी अधिकारी डॉक्टर प्रकाश गोपालन के साथ लिपिक जय बहादुर सिंह व सभासद गण ने वृक्षारोपण किया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ पौधों के बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना नही की जा सकती है। लोगो को वृक्षारोपण के साथ साथ उनकी सुरक्षा व संरक्षण के लिए भी तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगरवासियों से अपील करते हुये कहा की सभी को अपने आसपास स्वच्छता का वातावरण बनाते हुए प्रदूषण रोकने को हरसंभव उपाय व प्रयास करने चाहिए तथा मकान व खाली जगहों पर वृक्षारोपण अवश्य करना चाहिए ताकि वातावरण शुद्ध बना रह सके और जीवन स्वस्थ रहे। वही इस अवसर पर नगर क्षेत्र के कुछ युवा पर्यावरण प्रेमियों पीडी तिवारी, राहुल सिंह, सौरभ श्रीवास्तव आदि ने भी वृक्षारोपण कर आम जनमानस से पेड़ पौधे, जीव जंतु की सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की।