गमनागमन (‘आवागमन’ अशुद्ध है।)
● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
•••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••
एक–
संग-साथ चलता रहा, वर्ष-हुआ अवसान।
मन-मंथन मथता रहा, कहाँ मान-अपमान?
दो–
घूँघट काढ़े मौन है, अवगुण्ठन-सी देह।
सहमे-सकुचे धर रहे, पाँव-पाँव अब गेह।।
तीन–
मलय मन्द मुसकान ले, बढ़े जोश के साथ।
जन-जन अगवानी करे, झुका-झुका कर माथ।।
चार–
मौसम हरजाई बहुत, चुग़्ली आँखेँ खेल।
मनमन्दिर मंगल मही१, मुग्ध मुदित मन-मेल।।
पाँच–
कंकड़ कंकण२ कंधनी३,कटितट४ कोमल-रूप।
कलित५ केश कलबल६ मना, क्रियाकलाप अनूप७।।
छ: –
अभिनन्दन हम कर रहे, अभिनव तव हे वर्ष!
सुखमय जीवन सब रहे, हो सबका उत्कर्ष।।
••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••
शब्दार्थ :– १धरती २कंगन ३करधनी ४नितम्ब (कमर का पिछला भाग) ५सुसज्जित ६छल-कपट ७बेजोड़
सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १ जनवरी, २०२५ ईसवी।)