देश को कढ़ाई में तलकर चट कर जाओ

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय-

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
(प्रख्यात भाषाविद्-समीक्षक)

घरेलू गैस-सिलिण्डर में लगभग ९४ रुपये की वृद्धि कर कथित ‘मोदी-सरकार’ ने हमारी गृहस्थी के साथ बेहद घटिया मानसिकता का परिचय दिया है। अपने को जनसेवक कहनेवाला यह व्यक्ति सत्ता की आड़ में देश का निर्ममता और नृशंसता के साथ दोहन कर रहा है और घोर आश्चर्य है कि अब भी समाज का एक वर्ग ‘नमो-नमो’ और ‘मोदी-मोदी’ कर रहा है।
इससे पूर्व किसी भी दल-द्वारा गठित सरकार की ओर से इतनी निर्ममता के साथ मूल्यों में कभी बढ़ोत्तरी नहीं हुई थी।
नरेन्द्र मोदी नाम का यह व्यक्ति देश को तलकर चटकर जाना चाहता है। कच्चे तेल के दाम में बहुत गिरावट होने के बाद भी तरह-तरह के कर लगाकर डीजल-पेट्रोल के मूल्यों में भरपूर बढ़ोत्तरी कर रखी है। पानी जनसामान्य के गले तक पहुँच चुका है। प्रतिसप्ताह महँगाई तेज़ी में बढ़ रही है किन्तु इस सरकार को साँप सूँघ गया है। देशवासी मरें अथवा जियें, इससे इस सरकार का कहीं-कोई प्रयोजन नहीं। नरेन्द्र मोदी का दल सम्पूर्ण देश में एकच्छत्र साम्राज्य स्थापित कर ले और वह सरगना बन जाये, एकमात्र उद्देश्य बनकर रह गया है।
इसके बाद भी देश का मतदाता सचेत नहीं है तो अपनी बहुत बुरी स्थिति के लिए वह तैयार रहे।
इस सरकार ने जनसामान्य का जीना दूभर कर दिया है। किस व्यक्ति की किस जेब में कितनी धनराशि है; देश की जनता के आय के कितने स्रोत हैं और उनमें कैसे सेंध लगाकर अपना ‘विकास’ किया जाय; हिन्दुत्व के नाम पर समाज को बाँटकर उसकी सामूहिक शक्ति को कैसे छिन्न-भिन्न किया जाये; सत्ता पाने के लिए किसी भी हद तक गिरा जाये— ये है नरेन्द्र मोदी-सरकार की नीतियाँ।

(सर्वाधिकार सुरक्षित : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय; १ नवम्बर, २०१७ ई०)