प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर की अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में आज शाम इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंच गए। सुकार्नो हाता अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडोनेशिया के व्यापार मंत्री एंगर्तियास्तो लुकिताने उनका भव्य स्वागत किया। श्री मोदी की इंडोनेशिया की यह पहली यात्रा है।
यात्रा पर जाने से पहले अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी यात्रा से दोनों देशों के बीच सहयोग में वृद्धि होगी और आपसी संबंध और ऊंचाई छूएंगे। श्री मोदी ने कहा कि वे इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के साथ मुलाकात की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
भारत और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने एतिहासिक और मजबूत संबंध रहे हैं। प्रधानमंत्री की इस यात्रा से एशिया के इन दो बड़े लोकतंत्रों के बीच और प्रगाढ़ संबंध बनेंगे। अपने प्रवास के दौरान श्री मोदी कल कालीबाटा में उन राष्ट्रीय को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे जिन्होंने इंडोनेशिया के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति दी थी। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी का इस्ताना मर्डेका स्थित राष्ट्रपति भवन में परम्परागत रूप से स्वागत करेंगे। कल श्री मोदी द्विपक्षीय वार्ता और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के संघ के साथ विज्ञान से लेकर संस्कृति जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री का भारतवंशियों से भी मिलने का कार्यक्रम हैं।