प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सुरक्षा के क्षेत्र में भारत और नेपाल के सुदृढ़ संबंध हैं और दोनों देश सीमाओं का दुरूपयोग रोकने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली के साथ कल नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर के बातचीत के बाद एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में श्री मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री को भरोसा दिया कि भारत, नेपाल के साथ अपनी भागीदारी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत अपने पड़ोसियों का समग्र विकास और समृद्धि चाहता है। भारत के विकास के लिए मेरा सबका साथ सबका विकास का मूल मंत्र और नेपाल के लिए प्रधानमंत्री ओली जी का समृद्ध नेपाल सुखी नेपाली का विजन एक-दूसरे के पूरक हैं और इसलिए हम दोनों पूर्णत: सहमत हैं कि हमें जन-केन्द्रित विजन विकास के साझा लक्ष्य और दोनों देशों की जनता की सुख-शांति और समृद्धि की आशाओं और अपेक्षाओं को साथ लेकर बढ़ना है।
श्री मोदी ने कहा कि नेपाल के साथ भारत जलमार्ग और रेल सम्पर्क में सुधार करने का इच्छुक है और भारत ने काठमांडू को नई रेलवे लाइन से जोड़ने की सहमति दी है। प्रधानमंत्री ओली ने कहा कि उनकी सरकार भारत के साथ अपने मित्रवत संबंधों की मजबूती को महत्वपूर्ण मानती है। उन्होंने कहा कि दोनों पड़ोसियों के बीच काफी निकट संबंध हैं और समृद्धि ही दोनों का लक्ष्य है। समय के साथ हमने अपनी मित्रता को प्रगाढ़ किया है। मेरी यात्रा का उद्देश्य भारत और नेपाल और दोनों देशों के नागरिकों के बीच तालमेल को बढ़ाना और आर्थिक चुनौतियों से मिलकर निपटने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाना है।
बातचीत के बाद रेल सम्पर्क, जलमार्ग और कृषि पर तीन अलग-अलग संयुक्त बयान जारी किए गए। भौगोलिक स्थिति और दोनों देशों में जलमार्गों के विकास को देखते हुए दोनों नेताओं ने माल परिवहन के लिए जलमार्ग विकसित करने का भी फैसला लिया। दोनों देशों के नेताओं ने बिहार के रक्सौल से काठमांडू तक बिजली से संचालित नई रेल लाइन बिछाने पर भी सहमति व्यक्त की। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने नेपाल में बीरगंज में एकीकृत चेक पोस्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इसका संचालन जल्द शुरू होने से सीमा पार व्यापार, सामान लाने ले जाने में वृद्धि और लोगों की आवाजाही बढ़ेगी जिससे साझा विकास के और अधिक अवसर प्राप्त होंगे। बीरगंज नेपाल का प्रवेश द्वारा गेट-वे माना जाता है और नेपाल का 60 प्रतिशत से अधिक व्यापार बीरगंज से होता है। दोनों प्रधानमंत्रियों ने बिहार के मोतीहारी और नेपाल के अमलेखगंज के बीच मोतीहारी -अमलेखगंज पेट्रोलियम उत्पाद पाइपलाइन के उद्घाटन समारोह के साक्षी बने। श्री ओली ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नेपाल यात्रा का निमंत्रण दिया जिसे श्री मोदी ने स्वीकार कर लिया। यात्रा की तारीख बाद में तय की जाएगी।