जर्मनी के राष्‍ट्रपति फ्रैंक वाल्‍तर स्‍टाइनमॉयर से प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने की मुलाकात

आज नई दिल्‍ली की सुंदर नर्सरी में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जर्मनी के राष्‍ट्रपति फ्रैंक वाल्‍तर स्‍टाइनमॉयर से मुलाकात की । उम्मीद जतायी जा रही है कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्‍न क्षेत्रों में आपसी संबंधों को और प्रगाढ करने के तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श किया है । इसी के साथ उप-राष्‍ट्रपति एम. वेकैंया नायडू और विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने जर्मनी के राष्‍ट्रपति से मुलाकात की । मालूम हो कि जर्मन राष्‍ट्रपति श्री स्‍टाइनमॉयर 22 मार्च से भारत की पांच दिन की यात्रा पर हैं और वह कल चैन्‍नई जाएंगे ।

आज सुबह श्री स्‍टाइनमॉयर का राष्‍ट्रपति भवन में समारोहपूर्वक स्‍वागत किया गया । जर्मनी के राष्‍ट्रपति ने इसके बाद मीडिया से बातचीत में भारत की विविधता के मामले में प्रशंसा की । जर्मन राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है और दोनों देश एक-दूसरे से बहुत कुछ सीख सकते हैं । श्री स्‍टाइनमॉयर ने कहा कि भारत और जर्मनी के समान आर्थिक हित हैं और आर्थिक संबंधों को प्रगाढ़ करने की अपार संभावनाएं हैं । जर्मनी यूरोप में भारत का सबसे बड़ा और विश्‍व में छठा व्‍यापारिक सहयोगी है। श्री मोदी ने कहा कि उन्‍हें राष्‍ट्रपति फ्रैंक वाल्‍टर स्‍टाइनमॉयर को सुन्‍दर नर्सरी ले जाने का सौभाग्‍य प्राप्‍त हुआ है । श्री मोदी ने कहा कि दोनों ने ही वि भिन्‍न मुद्दों पर विस्‍तार पूर्वक चर्चा की । श्री स्‍टाइनमॉयर ने राष्‍ट्रपति राम‍ना‍थ कोविंद से भी मुलाकात की ।