कल तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप का प्रधानमंत्री ने दौरा किया । सबसे पहले प्रधानमंत्री लक्षद्वीप गए। जहाँ कावारत्ती में उन्होंने एक उच्चस्तरीय बैठक में तूफान प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों का जायजा लिया । इसके बाद कन्याकुमारी में तूफान प्रभावित लोगों से श्री नरेन्द्र मोदी ने मुलाकात की । राहत और पुनर्वास कार्यों का भी श्री मोदी ने जायजा लिया। मछुआरों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की ।
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा के बाद मछुआरों और अन्य लोगों की परेशानियां सुनी। मछुआरे काफी संतुष्ट भी नजर आए। बाद में इन लोगों ने बताया कि प्रधानमंत्री से बातचीत कर उन्हें उम्मीद बंधी है कि उनकी परेशानियां कम करने के लिए कदम उठाये जाएगे । मुख्यमंत्री ई. के. पलानीसामी ने बताया कि श्री मोदी ने वायदा किया है कि वे राज्य की मांग पर विचार करेंगे । इसके बाद शाम को तिरूवनंतपुरम में प्रधानमंत्री ने तूफान ”ओखी” से प्रभावित पुन्थुरा क्षेत्र का दौरा किया । प्रधानमंत्री ने कहा कि लापता मछुआरों की खोज जारी रहेगी । श्री मोदी ने कहा कि देश इस आपदा से प्रभावित सभी परिवारों के साथ है ।