उत्तर प्रदेश में चल रही मूल्य समर्थन योजना के तहत हो रही धान खरीद से 389803 किसान लाभान्वित हुए हैं । किसानों को 5179.111 करोड़ रुपये का भुगतान उनके खातों में सीधे किया गया है । अब तक 33.42 लाख मीट्रिक टन धान किसानों से सीधे क्रय किया गया । पिछले वर्ष इस अवधि में 13.50 लाख मीट्रिक धान की खरीद की गई थी । पिछले साल की तुलना में इस वर्ष लगभग ढाई गुना अधिक खरीद हुई है ।
खाद्य एवं रसद विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार कल 48950.55 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है । उल्लेखनीय है कि सरकार ने खरीफ क्रय वर्ष 2017-18 के अन्तर्गत 50 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा है, जिसके सापेक्ष अब तक 66.85 प्रतिशत खरीद हो चुकी है । किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए उनसे सीधे धान खरीद की व्यापक व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा की गई है । किसानों को धान का समर्थन मूल्य 1550 रुपये प्रति क्विंटल कामन धान का और 1590 रुपये प्रति क्विंटल ग्रेड-ए धान के लिए निर्धारित किया गया है । समर्थन मूल्य के अतिरिक्त किसानों को उतराई, छनाई/सफाई के लिए 15 रूपये प्रति कुन्तल की दर से उनके खाते में भुगतान किया जा रहा है ।