उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले में मानव रहित रेल क्रासिंग पर आज सवेरे एक स्कूल वेन के रेलगाड़ी से टकरा जाने से 13 स्कूली बच्चों की मृत्यु हो थी और पांच घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। स्कूल के प्रिंसीपल को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में कुशीनगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी और ए. आर. टी. ओ. सहित चार अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया है।
राज्य सरकार ने कुशीनगर हादसे में लापरवाही बरतने के आरोप में बेसिक शिक्षा अधिकारी, कुशीनगर, खंड शिक्षा अधिकारी दुदही और कुशीनगर के आर.टी.ओ. प्रवर्तन के साथ ही यात्री कर अधिकारी को निलंबित कर दिया है। कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार पांडे ने बताया कि इस मामले में स्कूल के प्रिंसिपल और ड्राइवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस हादसे में घायल ड्राइवर और चार अन्य बच्चों का गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। राज्य सरकार और रेल विभाग ने हादसे में मारे गए बच्चों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। रेलवे ने घायलों को पचास हजार रुपये की सहायता राशि देने की भी घोषणा की है।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मानव रहित रेल क्रॉसिंगों को पूरी तरह से समाप्त करने की योजना की समीक्षा की। श्री गोयल ने कहा कि रेलवे ने मानव रहित रेल क्रॉसिंगों पर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कई उपाय किए हैं। जांच मैंने ऑर्डर किए, जांच के बाद ही पूरी जानकारियां सामने आएंगी। यह छोटे बच्चों के साथ जो हुआ है उसके लिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले अनमेन्ड क्रॉसिंग देशभर में बंद हुए हैं। पूर्णतः जल्द से जल्द देशभर के अनमेन्ड क्रॉसिंग बंद कर सके इसके लिए पूरी रेलवे प्रतिबद्ध है। श्री गोयल ने बताया कि इस वर्ष सितम्बर तक 11 जोनों में सभी मानव रहित रेल क्रॉसिंगों को समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है।