शोहदों के आतंक से एक परिवार परेशान है। परेशान परिवार एएसपी से मिला और आपबीती बताई।एएसपी ने कछौना पुलिस को मामले में एफआईआर के आदेश दिए जिसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल युवक का डॉक्टरी परीक्षण कराया है।
मामला हरदोई की कोतवाली कछौना का है।यहां के एक गांव निवासी एक युवती मल्हेरा के एक डिग्री कालेज में बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। स्कूल को जाते समय समोधा निवासी इकबाल पुत्र राजू ने एक फोटो खींच ली और उसके बाद से उसी फ़ोटो के सहारे लड़की को ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि वह लड़की जबर्दस्ती बुलाता और अनैतिक कार्य के लिए विवश करता।
परिजनों ने लड़की का जब विवाह कर दिया तो युवक ने उसकी फोटो को अश्लील बनाकर उसके ससुराल व अन्य रिश्तेदारियों में वायरल कर दी। हद तो तब हो गयी जब लड़की के पिता को शोहदे ने फोन किया और कहाकि अपनी लड़की से बात कराये। जब पिता ने मना कर दिया तो उसने अपने भाई आलम व उसके साथी सुफियान के साथ मिलकर बाजार से वापस आते समय लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से जमकर पीटा।
शोहदों से परेशान पिता अपनी बेटी व दामाद को लेकर एएसपी के पास पहुंचा और मामले में कार्यवाही की गुहार लगाई। एएसपी ज्ञानंजय सिंह ने कछौना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए। एएसपी के आदेश के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल युवक की डॉक्टरी करायी है।