२०३७ ईसवी तक हत्याहरण तीर्थ मे होगा रामनाम संकीर्तन

बेनीगंज। सण्डीला तहसील क्षेत्र के कल्याणमल मे स्थित पौराणिक हत्याहरण तीर्थ मे विश्वशांति के लिए श्री सीताराम जी की अध्यक्षता में और श्री हनुमान जी के संरक्षण मे श्रीराम नाम का अखंड संकीर्तन होने जा रहा है। ये अखंड संकीर्तन पूर्णिमा के दिन बृहस्पतिवार ६ अप्रैल २०२३ से शुरु होकर २०३७ की चैत्र पूर्णिमा के दिन विश्राम होगा।

इस आयोजन के लिए ३६६ टीमें बनायी गयीं हैं। राम नाम कीर्तन के आयोजन का उद्देश्य विश्व में शांति और स्थिरता लाना है। पौराणिक हत्याहरण तीर्थ स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में 14 सालों तक राम नाम संकीर्तन किया जाएगा। यह अनोखी पहल विश्व में शांति लाने के लिए की जा रही है। राम नाम संकीर्तन के आयोजकों का मानना है कि इस अनुष्ठान के पूरे होने तक विश्व में शांति स्थापित हो जायेगी।

आयोजन की जानकारी देते हुए अखंड राम नाम संकीर्तन के व्यवस्थापक प्रज्ञाचक्षु श्री अवधेश दास जी महाराज ने बताया कि आयोजन में रात-दिन रामनाम का जप किया जायेगा। इस आयोजन मे स्थानीय लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। वहीं २०२३ से निरंतर होने वाले रामनाम संकीर्तन से अब इस मंदिर व पौराणिक स्थान की पहचान और बढेगी। रामनाम संकीर्तन उसी तीर्थ कुण्ड के समीप होगा जिसका जल कुष्ठ आदि रोगों मे लाभकारी साबित होता आया है। इस तीर्थ को लेकर कहा जाता रहा है कि भगवान श्रीराम जब लंकाविजयकर अयोध्या जा रहे थे और रावणवध से ब्रह्म हत्या का पाप लगा था। इस कुण्ड में स्नान करने से भगवान श्रीराम उस पाप से मुक्त हुए थे; तब से इस स्थान को हत्याहरण तीर्थ के नाम से जाना जा रहा है।

श्री राम नाम का अखंड संकीर्तन के आयोजकों का मानना है कि ऐसे पवित्र स्थल पर राम का नाम जपने से भारत के साथ पूरे विश्व मे शांति स्थापित होगी समूचे विश्व का कल्याण होगा।