कोतवाली देहात क्षेत्र की ग्रामसभा बहर में पशुआश्रय के बाहर गोवंशों के अवशेष मिलने की सूचना से सनसनी फैल गयी।घटनास्थल पर कई गोवंशों के अवशेष की सूचना पाकर जहां लोगों में आक्रोश फैल गया वहीं घटना की सूचना पाकर एसडीएम सदर,सीओ सिटी, शहर कोतवाल, देहात कोतवाल, एलआईयू, इंटेलिजेंस के पुलिस कर्मियों सहित थानाध्यक्ष पिहानी, सुरसा, हरियावां, कछौना मौके पर पंहुचे और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया।
बता दें कि इस पशुआश्रय का निर्माण जिले में सबसे पहले प्रशासन के द्वारा कराया गया था। जहां इस प्रकार की घटना घटी। इस दौरान सुरभि गोसेवा समिति के संस्थापक प्रशांत गुप्ता व संरक्षक राजवर्धन सिंह व बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक अभिषेक द्विवेदी सहित कई अन्य हिन्दू संगठनों के पदाधिकारी भी मौके पर पंहुच गए। एसडीएम सदर व सीओ सिटी ने संगठन से जुड़े पदाधिकारियों व ग्रामीणों को घटना का एक सप्ताह में खुलासा करने का आश्वासन देकर शांत कराया और गोवंश के शवों के अवशेषों का जेसीबी बुलाकर अंतिम संस्कार करवाया।
घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए सीओ सिटी विजय कुमार राना ने बताया कि बीती रात कुछ अज्ञात लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है और घटना को अंजाम देने के दौरान ही गोमांस तस्करों की बोलेरो कीचड़ में फंस जाने के चलते मौके पर ही छूट गयी है । जिसमें मिले कागज के आधार पर बोलेरो तत्यौरा गांव के किसी अग्निहोत्री के नाम दर्ज है। पुलिस ने कीचड़ से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया है और गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के खुलासे के लिए लग गयी है और घटना का जल्द से जल्द खुलासा कर आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
सुरभि गोसेवा समिति के संरक्षक राजवर्धन सिंह राजू ने कहा कि घटना बहुत ही बीभत्स है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को घटना की गंभीरता को देखते हुए गौशाला के केयर टेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी चाहिए और जल्द से जल्द घटना का खुलासा करना चाहिए। बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक अभिषेक द्विवेदी ने कहा कि प्रशासन ने उन्हें एक सप्ताह के अंदर घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है और अगर ऐसा नही होता है तो गोसेवकों के साथ बैठकर आगे की रणनीति तैयार कर कार्य किया जाएगा।