अनुसूचित जाति की महिला ग्राम-प्रधान के साथ मारपीट व अभद्रता, मुख्यमंत्री से की शिकायत

कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बेहसार की ग्राम प्रधान रामखुशी कठेरिया के साथ गाँव निवासी दबंग द्वारा मारपीट और जातिसूचक अश्लील गालियाँ देने का मामला सामने आया है ।

बताते चलें कि रामखुशी कठेरिया ग्रामसभा बेहसार की वर्तमान प्रधान हैं, जो अनुसूचित जाति से आती हैं । बेहद साधारण परिवार की महिला होने के कारण दबंगों द्वारा आए दिन उन्हें परेशान किया जाता है । ताजा मामला गाँव निवासी घण्टी सिंह पुत्र रघुराज सिंह द्वारा उनके साथ मारपीट, जातिसूचक अश्लील गालियाँ देकर पैसे व सोने की चेन छीन लेने का है ।

ग्राम प्रधान ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की है । ग्राम प्रधान ने शिकायत में कहा है कि वह गांव में पंचायत भवन के पास निर्माण कार्य करा रही थीं । उसी समय गांव का निवासी घंटी सिंह आया और उन्हें जातिसूचक गाली-गलौच करने लगा; जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उसने उन्हें गोली मारने की धमकी  दी । प्रधान के अनुसार वह काम में लगे मजदूरों को पैसा दे रही थीं, यह देखकर उसने उनके पास से पैसे भी छीन लिए और मारपीट कर उनके गले में पड़ी सोने की चेन और कानों के कुंडल नोच लिए । उसने धमकी देते हुए कहा कि तुमको जहां शिकायत करनी हो करो, अगर तुम ने शिकायत की तो तुम्हें जान से मार दूंगा ।