गांव में बिजली, सड़क, पेयजल और शौचालय नहीं हैं जिसके कारण गांव के लड़कों की शादी तक नहीं हो पा रही है बेटियों की भी शादी बामुश्किल हो रही हैं।
शाहाबाद तहसील के ब्लाक टोडरपुर के ग्राम काजीबाड़ी निवासी सर्वेश, बशीर, विनीत, आशीष, रामकुमार, सुरेन्द्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण डीएम की चौखट पर पंहुचे और धरना प्रदर्शन कर एक शिकायती पत्र देकर अपना दुखड़ा बताया। जिला प्रशासन को दिये गये पत्र में ग्रामीणों ने कहा है कि उनके गांव में अभी तक विद्युतीकरण नही हुआ है, सड़कें पेयजल, शौचालय भी नहीं बने है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ कोटेदार की मनमानी के चलते हम लोगों को नही मिल पा रहा है और जो राशन दिया भी जाता है वह निर्धारित मूल्य से अधिक रूपये लेकर दिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में विकास कार्य ना होने की वजह से लड़कों की शादियां नहीं हो पा रही हैै। इस वर्ष एक भी लड़के की शादी नहीं हुई है, लोग अपनी बेटी को ऐसे गांव में नहीं ब्याहना चाहते हैं जंहा पर मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि लड़कियों की शादी भी कम हो रही है और इस वर्ष बमुश्किल 5 लड़कियो की शादी हो पायी है। शादी ना होने की बजह से कुंवारें लड़के-लड़कियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।