स्वीकारभाव ही प्रेम है।
इस दुनिया में जो जैसा है उसको वैसा ही स्वीकार करना प्रेम का लक्षण है।
जो अपने से निम्न है, छोटा है, न्यून है उसे स्नेहभाव से स्वीकार किया जाता है।
और जो अपने से समकक्ष है उसे मित्रभाव से स्वीकार किया जाता है।
और जो अपने से श्रेष्ठ है, वरिष्ठ है, बड़ा है, उसे श्रद्धाभाव से स्वीकार किया जाता है।
यही तीन प्रकार का प्रेमव्यवहार है, जो स्वीकारभाव से प्रारंभ होता है।
प्रेम के बिना तुम कभी सुखी नहीं हो सकते।
प्रेम ही तुम्हारे दुःखों-दर्दों की एकमात्र अचूक दवा है।
यदि तुम इस विराट संसार में किसी एक सद्व्यक्ति से भी प्रेम करते हो तो समझ लो कि तुमने सुखों के समुद्र का द्वार खोल लिया।
प्रेम के बिना तुम्हारा जैविक अहंकार कभी टूटेगा नहीं।
अहं जीवित है तो दुःख, भय, अपमान की अनुभूति समाप्त नहीं होगी।
यदि तुम दुःखों से वास्तविक मुक्ति चाहते हो तो इस संसार में किसी भी एक सद्व्यक्ति को प्रेम करना सीख लो।
किसी के लिए जीना और किसी के लिए मरना सीख लो, क्योंकि जब तक तुम अपने लिए जीते और मरते रहोगे तब तक तुम्हारे दुःखों के समुद्र का कोई अंत नहीं।
यदि तुम किसी एक व्यक्ति से भी प्रेम करते हो तो अब तुम किसी अन्य के प्रति भी घृणा नहीं कर पाओगे क्योंकि प्रेमपूर्ण हृदय में घृणा नहीं उपजती।
लोग कहते हैं कि प्रेम में पीड़ा है। लेकिन प्रेम की पीड़ा तुम्हारे घृणा से भरे हुए आरामों से अधिक मूल्यवान है, सुखद है।
बच्चन जी ने प्रेम पर यह ठीक ही काव्य लिखा है कि “पीड़ा में आनंद जिसे हो आये मेरी मधुशाला।”
प्रेम की तो पीड़ा भी आनंददायक है।
जबकि घृणा का आराम भी दुःखद है।
इसलिए हे हिन्दुओं/मुसलमानों व अन्य!
तुम अपने व्यवहारिक महत्व को पहचानो, मत उलझो धूर्त कुराजनैतिक घृणा फैलाने वालों के साथ!
उनके उकसावे पर मत उजाड़ो इस धरती की मानवता को, अभी भी वक़्त है, देर हुई तो सब ख़ाक हो जायेगा न तुम बचोगे न वे, हज़ारों वर्षों के नफ़रती इतिहास को पढ़कर ही सम्भल जाओ।
राम गुप्ता, स्वतंत्र पत्रकार, नोएडा