सड़कों पर बार-बार अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध करें कठोर कार्यवाही : जिलाधिकारी अविनाश कुमार

  • सड़क पर बड़े वाहन खड़े करने वाले वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करें :- जिलाधिकारी
  • दुकानों को निर्धारित दूरी पर ही लगायें और रोड पर अतिक्रमण न करें :- अविनाश कुमार

कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत यातायात समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने उपस्थित उद्योग एवं व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों से कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए यातायात समिति को अपने उचित सुझाव दे, ताकि नगर की यातायात व्यवस्था को आप लोगों के सहयोग से ठीक किया जा सकें। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि बड़े एवं ओवर लोड वाहनों को दिन में नगर के अन्दर प्रवेश नहीं दिया जायेगा और व्यापारी बन्धु अपना सामान रात में उतरवायें ताकि दिन में जाम की स्थिति पैदा न हों।

नुमाईश चौराहा, सिनेमा चौराहा तथा बड़ा चौहारा पर जाम की स्थिति पर जिलाधिकारी ने कहा कि आटोरिक्शा एवं सामान्य रिक्शा चौराहों से हटकर खड़े हो । दुकानदार अपनी दुकानों को निर्धारित दूरी पर ही लगायें । रोड पर अतिक्रमण न करें। उन्होने नगर मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव, सीओ सिटी विकास जायसवाल तथा ईओ रवि शंकर शुक्ला को निर्देश दिये नगर के मुख्य चौराहों एवं सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु संयुक्त रूप से अभियान चलाये । सड़कों पर बार-बार अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करें।

नगर की सड़कों पर बस, ट्रक आदि बड़े वाहन खड़े होने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट तथा सीओ सिटी को निर्देश दिये कि सड़क पर बड़े वाहन खड़े करने वाले वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करें और उसके बाद भी सड़क पर बड़े वाहन खड़े मिले तो वाहन को सीज करते हुए वाहन स्वामी के विरुद्ध कार्यवाही करें। बैठक में व्यापार मण्डल के विमलेश दीक्षित, सुरेन्द्र गौर सहित उद्योग, व्यापार मण्डल के अन्य पदाधिकारी, एआरटीओ परिवर्तन, अपर जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम आदि उपस्थित रहे।