कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए पूर्णबंदी का तीसरा चरण आज से शुरू हो गया है। केन्द्र सरकार ने आज से पूर्णबंदी दो सप्ताह के लिए बढ़ाने और कम जोखिम वाले जिलों में पर्याप्त छूट देने की घोषणा की थी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश के सात सौ जिलों को रेड, ओरेंज और ग्रीन क्षेत्रों में विभाजित किया है।
संपूर्ण बंदी के तीसरे चरण में देश के हर जोन में हवाई, रेल, मेट्रो और अंतर्राजीय परिचालन पर रोक रहेगी। स्कूल और शैक्षिक संस्थान भी बंद रहेंगे। हालांकि, कृषि से जुड़े सभी कार्यों की अनुमति जारी रहेगी। ग्रामीण भारत में सभी औद्योगिक और निर्माण गतिविधियों जिनमें मनरेगा कार्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां और ईट-भट्टे शामिल है। सुचारु रूप से कार्य कर सकेंगे। इस दौरान ग्रीन जोन में पूरे देश में प्रतिबंधित गतिविधियों को छोड़कर बाकी सभी कार्यों की अनुमति दे दी गई है। ऐसे जिलों में 50% बसों के परिचालन की भी अनुमति दी गई है। सड़क मार्ग से माल यातायात पर भी कोई रोक नहीं है। बाजार परिसर और कंटेन्मेंट जोन के अतिरिक्त स्थित मदिरा और पान की दुकानें भी खोली जा सकेंगी। अस्पतालों में सामान्य ओ.पी.डी. और डॉक्टरों के क्लीनिक भी अब खोले जा सकेंगे। कुल मिलाकर लॉकडाउन गया तीसरा चरण लोगों के लिए काफी रियायतें लेकर आ रहा है।
पूर्णबंदी की विस्तारित अवधि में एक राज्य से दूसरे राज्य में सामानों के परिवहन से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए केन्द्रीय गृह मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है। वाहन चालक और ट्रांसपोर्टर अपनी शिकायत 1930 पर दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के हेल्पलाइन नम्बर-1033 पर भी राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
लॉकडाउन के मद्देनजर स्थापित किए गए इस चौबीस घंटे काम करने वाले नियंत्रण कक्ष का उपयोग ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों को एक राज्य से दूसरे राज्य में माल की आवाजाही में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए किया जाएगा। इस नियंत्रण कक्ष में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों को भी तैनात किया जा रहा है ताकि किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्यवाही की जा सकें। यह अधिकारी ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों की शिकायत और उसके निवारण की हर दिन रिपोर्ट भी तैयार करेंगे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने पहले ही राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ट्रकों के बिना रुकावट आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा है और अब इस नियंत्रण कक्ष को खोले जाने से इस दिशा में आ रही दिक्कतों को और प्रभावी ढंग से हल करने में मदद मिलेगी।
Courtesy : AIR