हरदोई- तीन दिन पहले ब्यूटी पार्लर संचालिका महिला के ऊपर हुए जानलेवा हमले व आंख फोड़ने के प्रयास के मामले में मल्लावां पुलिस ने महिला के कथित प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बुरी तरह से महिला को पीटकर उसकी आंखों पर नुकीले हथियार से हमला किया था और उसको मरनासन्न हालत में गाँव के बाहर स्थित जंगल मे फेककर फरार हो गए थे। गिरफ्तार लोगों में एक महिला का कथित प्रेमी भी शामिल है।
बता दें कि तीन दिन पहले देर शाम को मल्लावां कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला जो कि कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौसगंज से अपना ब्यूटी पार्लर बन्द करके घर जा रही थी उसे रास्ते मे घात लगाए बैठे कुलदीप उसके साथी इसराइल, फैय्याज ने तरहटिया गाँव के पास पकड़ लिया और उसे जंगल ले जाना चाहते थे। पीड़िता का आरोप था कि उसके मना करने के बाद तीनो ने उसको बेरहमी से न सिर्फ लात घूंसों से पीटा था बल्कि महिला के चेहरे पर जूतों की ठोकरों से चेहरे को बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। जब इतने से भी तीनों का मन नही भरा तो तीनो दरिंदो ने दरिंदगी हद पार करते हुए महिला की आँखे फोड़ने के लिये उसकी आँखों पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया और उसके बेहोश होने की अवस्था के बाद उसे मरा समझकर उसको जंगल मे स्थित नाले के पास फेककर सभी दरिंदे फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया इस घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें मामले के खुलासे के लिये लगी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी को मल्लावां रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि कुलदीप का महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसको शक था कि अब महिला के किसी और से सम्बन्ध बन गए है जिसके चलते उसने घटना को अंजाम दे डाला । पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।