ऑल यूनियन एंड एसोसिएशन आफ़ बीएसएनएल के आह्वान पर तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल

राज चौहान-
हरदोई| हड़ताल के प्रथम दिन हरदोई बी एस एन एल की समस्त यूनियन व एसोसिएशन के कर्मियों ने सिविल लाइंस दूरभाष के प्रांगण में अपनी 8 सूत्रीय प्रमुख मांगों के समर्थन में हड़ताल शुरू की जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों व कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों, पेंशनर्स यूनियन व कैजुअल कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के सदस्यों ने भाग लिया।

हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बीएसएनएल इंप्लाइज यूनियन के जिला सचिव वाईपी गुप्ता ने केंद्र सरकार पर यह आरोप लगाया कि निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने हेतु सरकार एक सोची-समझी नीति के तहत बीएसएनल को नष्ट करना चाहती है और इस प्रतिस्पर्धा के युग में बीएसएनल को 4G स्पेक्ट्रम का लाइसेंस नहीं दे रही है जिससे बीएसएनएल कर्मियों में भारी आक्रोश है तथा आज से राष्ट्रव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है।

अधिकारी यूनियन के जिला सचिव विकास वर्मा ने कहा कि हम सरकार की मनमानी बीएसएनएल विरोधी नीतियों का लगातार विरोध करेंगे तथा अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर रहेंगे।

पेंशनर्स यूनियन के जिला सचिव शिवमंगल दीक्षित ने कहा कि हम अंतिम सांस तक बीएसएनएल विरोधी नीतियों का विरोध करते रहेंगे। हम सभी अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एक हैं हम अपनी मांगों को लेकर ही रहेंगे।

एनएफटीई के जिला सचिव मोहम्मद आलम ने कहा कि हम केंद्र सरकार की बीएसएनल विरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला करेंगे तथा अपनी मांगों को लेकर रहेंगे।

आज की हड़ताल में प्रमुख रुप से घनश्याम वाजपेयी, कौशलाधीश, रामसनेही, जैराम वर्मा, इच्छा राम, पवन कुमार अस्थाना, आर के एस चंदेल, नासिर अली, सुमेर चन्द्र, ज्ञानेंद्र सिंह, राजेश कुमार तिवारी, अनूप अग्निहोत्री, अरविंद कुमार मौर्य, विकास वर्मा, अनुज श्रीवास्तव, डीबी शुक्ला आदि मौजूद रहे।

बैंक कर्मी नेता आर के पाण्डेय ने बीएसएनएल कर्मियों के संघर्ष से एकजुटता दिखाते हुए कहा कि उनके संगठन आल इंडिया बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन ने बीएसएनएल की राष्ट्रव्यापी हड़ताल से बाहर से नैतिक समर्थन दिया है, कहा कि बीएसएनएल कर्मियों के विरोध प्रदर्शनों में बैंक कर्मी भी शामिल हों।

गौरतलब हो कि देश के 10 बड़े श्रम संगठनों एटक, इंटक, सीटू एक्टू, एचएमएस, एआईयूटीयूसी, टीयूसीसी, एसीडब्ल्यूए, एलपीएफ, यूटीयूसी ने बीएसएनएल कर्मियों की हड़ताल को समर्थन दिया है।