हरदोई– सरकार के खिलाफ मुखर रहने वाले भाजपा विधायक केे फ़ेसबुक पेज से फिर सरकार पर हमला बोला गया है। हरदोई जिले के बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश के फेसबुक पेज से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की गयी है। इसके बाद तो फेसबुक पर कमेंट की झड़ी लग गई। अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा करने का श्याम प्रकाश द्वारा ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वो योगी सरकार को सोशल मीडिया पर कई बार सत्ता धर्म का पाठ पढ़ा चुके हैं।
जिले से बीजेपी विधायक की पहचान एक मुखर नेता की है। वह अक्सर अपना दर्द और सरकार को सत्ता धर्म का पाठ सोशल मीडिया पर देते रहते हैं। एक बार फिर से बीजेपी विधायक श्यामप्रकाश के फेसबुक पेज से एक दीपक अवस्थी सूर्या की फेसबुक पोस्ट पर कुछ ऐसे कमेंंट किए हैं जिन्होने योगी सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। विधायक के पेज से फेसबुक पर लिखा कि एक दिन ऐसा आ सकता है कि सीएम योगी को भी धरने पर बैठना पड़ सकता है। पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी के पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठने संबंधी पोस्ट पर बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश के पेज से कमेंट किया गया है।बता दें कि गोपामऊ विधानसभा से बीजेपी विधायक श्यामप्रकाश सोशल मीडिया पर पोस्ट्स से अक्सर चर्चा में रहते हैं।हालांकि भाजपा विधायक का कहना है कि उनके द्वारा यह कमेंट नही किया गया था बल्कि किसी लड़के ने कर दिया था उनकी जानकारी में जैसे ही यह आया तो उन्होंने तुरंत ही उस कॉमेंट को डिलीट कर दिया है।