महिला समेत दो की संदिग्ध मौत, बेनीगंज क्षेत्र में विवाहिता का शव तौलिए से लटकता मिला 

हरदोई- जिले के अलग अलग थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में घर में तौलिए से लटकता मिला वही एक युवक का गांव के बाहर दुपट्टे से शव लटकता मिला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
बेनीगंज कोतवाली के कस्बा अशरफटोला निवासी पूनम (35) पत्नी रामदास का शव संदिग्ध हालात में घर के अंदर तौलिए से लटकता मिला। पति के अनुसार पूनम सोमवार को मायके जाने की जिद कर रही थी। उसने मायके जाने से मना कर दिया। जिसके बाद पूनम ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। वहीं पूनम के ममेरे भाई संगम लाल पुत्र विजय कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन की 2007 में शादी की थी। शादी के कई वर्ष बीतने के बाद भी पूनम मां नहीं बन सकी, इसलिए ससुरालीजन उसे परेशान किया करते थे। सोमवार शाम को पूनम ने मायके जाने की बात कही, जिसके बाद देवर दीपक और पति ने उसे मारापीटा, जिससे उसकी मौत हो गई और उसे कमरे में तौलिए से लटका दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल कर देवर और पति को हिरासत में ले लिया।
वहीं देहात कोतवाली क्षेत्र के तंसुखपुरवा निवासी चंद्रपाल (22) पुत्र कलक्टर मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि चंद्रपाल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। सोमवार की देर रात वह घर से बिना बताए निकल गया था। मंगलवार की सुबह गांव के बाहर नीम के पेड़ में संदिग्ध हालात में उसका शव दुपट्टे से लटकता मिला। ग्रामीणों ने शव को लटकते देखा और घटना की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।