कटीले तारों में मिले युवक के शव की हुई पहचान, बदायूं के थाना उसैत के ग्राम कुंवर का रहने वाला था युवक 

पिता ने लगाया अज्ञात पर हत्या का आरोप, पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम लखनौर में बहनोई गप्पू के यहां रहता था युवक

           हरदोई: पचदेवरा थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक का शव कटीले तारों में फंसा हुआ मिला था। युवक की पहचान करते हुए उसके पिता ने अज्ञात लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
          बदायूं के थाना उसैत के ग्राम कुंवर निवासी सतीश ने युवक की पहचान अपने बेटे विकेश बाबू उर्फ रिंकू (25) के रूप में की है। उन्होंने बताया कि रिंकू चार भाइयों में सबसे बड़ा था और ट्रक चलाता था। पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम लखनौर में उनका दामाद गप्पू रहता है। जिसके यहां रिंकू जाता रहता था। 18 अगस्त को रिंकू अपने एक साथी गौरव निवासी सिरौरा के साथ बाइक से निकला था। उसके बाद से रिंकू का कोई पता नहीं चला। इधर पचदेवरा पुलिस युवक की पहचान का प्रयास कर रही थी। वहीं रिंकू के बहनोई को घटना की जानकारी मिली लेकिन उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को नहीं दी। पुलिस ने बाइक के नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर से पता लगाते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। पिता ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पचदेवरा थानाध्यक्ष ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।