-शौच गयी थी किशोरी शोर मचाने पर एकत्र हो गए लोग
– आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र का मामला
हरपालपुर- शौच के लिए खेतों में गई किशोरी को गांव के बाहर बंद पड़े भट्ठे पर गांव के ही दो युवकों ने घसीट कर दुष्कर्म की नियत से छेड़छाड़ की। किशोरी के शोर मचाने पर कई लोगों की मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। मौका पाते ही दोनों आरोपी युवक पीड़िता को जानमाल की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी सोमवार दोपहर को शौच क्रिया के लिए खेत में गई थी। गांव के बाहर बंद पड़े भट्ठे की तरफ पहुंची। तभी वहां पहले से ही घात लगाए बैठे दो युवक किशोरी को बंद पड़े भट्ठे में दुष्कर्म की नियत से खींच ले गए। दोनों युवक काफी देर तक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करते रहे, लेकिन कामयाबी हासिल नहीं हो सकी। उधर किशोरी की चीख पुकार सुनकर कई लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे आरोपित किशोरी को छोड़ कर जानमाल की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में बातचीत पर प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया है कि तहरीर मिली है और जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एक सप्ताह में तीन घटनाएं
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग गांवों में एक सप्ताह के अंदर तीन किशोरियों के साथ छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है। क्षेत्र के लोगों में चर्चा है कि ऐसे ही अगर छेड़छाड़ होती रही तो महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो जाएगा। महिलाएं घर में कैदी बनकर ही रह जाएंगी।