एशिया कप टी-२० क्रिकेट फ़ाइनल मे पाकिस्तान धराशायी हुआ!

● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

श्रीलंका के घातक गेंदबाज़ हसरंगा ने एक ही ओवर मे पाकिस्तान के ३ विकेट लेकर उसकी कमर पूरी तरह से तोड़ दी थी। इसके साथ ही पाकिस्तान की पराजय की पटकथा लिखी जा रही थी। श्रीलंका ने पाकिस्तान को २३ रनो से पराजित कर, ‘एशिया कप टी-२० क्रिकेट-प्रतियोगिता– २०२२’ अपने नाम कर ली है। श्रीलंका के गेंदबाज़ प्रमोद मदूषण ने ४ विकेट लेकर अपना अतीव प्रभावकारी प्रदर्शन किया था।

टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय किया था। इस तरह श्रीलंका ने पहले खेलते हुए, निर्धारित २० ओवरों मे ६ विकेटों पर १७० रन बना लिये थे, जिसके जवाब मे पाकिस्तान ने सभी विकेटों को खोकर कुल १४७ रन ही बना सका था।

पाकिस्तान की ओर से केवल रिज़वान ने शानदार प्रदर्शन किया था; शेष खिलाड़ी उतने प्रभावकारी नहीं दिखे थे। रिज़वान के विकेट गिरने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों की स्थिति ‘आयाराम-गयाराम’ की हो चुकी थी। श्रीलंका का क्षेत्ररक्षण ग़ज़ब का था। उसके खिलाड़ियों की दलीय भावना देखते ही बन रही थी।

श्रीलंका के शुरू के विकेट जल्दी-जल्दी गिरते गये। राजपक्षे के दो कैचों का छोड़ना, पाकिस्तान के लिए सबसे महँगा सिद्ध हुआ। श्रीलंका के कप्तान की रणनीति रंग लाती दिखी।

(सर्वाधिकार सरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; ११ सितम्बर, २०२२ ईसवी।)