रक्षाबंधन पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़

         हरदोई- शनिवार को रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में खासी भीड़ रही। लोगों ने जमकर खरीदारी की। मुख्य बाजार व चौराहे पर जाम की स्थिति बनी रही।रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजार में विशेष दुकानें सजाई थीं। राखियों की दुकानों पर लड़कियां खरीदारी में जुटी थीं। वहीं छोटे बच्चे भी अपनी पसंद की राखियों के लिए मचल रहे थे। बच्चों की दुकानों पर कार्टून की विशेष राखियां दिखीं।वहीं मिठाइयों की दुकानों पर भी जमकर खरीददारी की गई।
        रक्षाबंधन पर्व रविवार को है।ऐसे अवसर पर बाजार में राखियों की विशेष दुकानें सजाई गयी थी।इसके अलावा महिलाओं की चूड़ियों, आर्टीफिशियल ज्वेलरी व अन्य साजो श्रंगार, मेंहदी खरीदने के लिए दुकानों पर खासी भीड़ थी। इसी तरह साड़ी सेंटर, बूरा सेवइयों की दुकानों पर भी खासी भीड़ थी।शहर के मुख्य बाजार में सैकड़ों की संख्या में सजी राखी की दुकानों पर रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आने के साथ-साथ रौनक बढ़ती जा रही है। बहनें जमकर खरीददारी कर रही हैं। इसके अलावा इस बार ज्वैलर्स की दुकानों पर भी सजाई गई चांदी की राखियां भी बहनों के मन को लुभा रही हैं। 400 रुपये से ऊपर की इन चांदी की राखियों की भी खूब बिक्री हो रही है। बहन मोनी का कहना है कि चांदी की राखी इस बार वह भाई को बांधेंगी वह मजबूत और सुंदर भी है। वहीं कुछ बहनें मुख्य बाजार में लगी राखी की दुकानों पर तुलसी व मोती से बनी राखियों को पसंद कर खरीद रही है। वैसे तो लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, मेरठ, आगरा, मथुरा की बनी राखियों से शहर के बाजार गुलजार रहते हैं, लेकिन इस बार कोलकाता की बनी जरकन जड़ी राखी ने बाजार में अपनी अलग पहचान बनाई है। 70 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की यह राखी बहनों को खूब पसंद आ रही है।