
(प्रख्यात भाषाविद्-समीक्षक)
डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
इलाहाबाद का इलेक्ट्रॉनिक मीडियातन्त्र (समाचार-चैनलकर्मी) दायित्वविहीन हो चुका है। यहाँ के बौद्धिक-साहित्यिक आयोजनों के प्रति उसमें कोई रुचि नहीं रहती। कहने और दिखाने के लिए देश के लगभग सभी चैनलों ने इलाहाबाद की गतिविधियों को प्रसारित करने के लिए अपने-अपने संवाददाता नियुक्त और अनुबन्धित किये हैं; परन्तु एक सिरे से सबके-सब नेताओं के आगे-पीछे डोलते नज़र आते हैं। इलाहाबाद ऐसा जनपद है, जहाँ व्यापक स्तर पर सारस्वत आयोजन किये जाते हैं और जब समाचार-चैनलवालों को आमन्त्रित किया जाता है तब वे अनुपस्थित रहते हैं। उनमें से अधिकतर का कहीं-कोई स्थायी कार्यालय तक नहीं।
यहाँ भी बीभत्स गुटबन्दी है। बात तो आपसे बहुत मीठी करेंगे; परन्तु मौक़ा पाते ही आपकी पीठ पर छुरी धर देंगे।
अब एक नया संघटन ‘प्रयागराज इलेक्ट्रॉनिक मीडिया वेलफेयर क्लब’ का गठन किया गया है। कितना अच्छा रहता, यदि इस क्लब के पदाधिकारीगण ‘वेलफेयर’ की अवधारणा से परिचित हुए रहते।
पिछले दिनों हमने ‘भाषारस-गागरी’-विषयक एकदिवसीय राष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन किया था और कथित क्लब के पास आयोजन की रिपोर्टिंग करने के लिए निमन्त्रणपत्र भी प्रेषित किया था। इतना ही नहीं, उस क्लब के सचिव श्री छत्रपति शिवाजी से फ़ोन पर मैंने वार्त्ता भी की थी। उन्होंने सम्बन्धित समस्त चैनलकर्मियों को भेजने का सुमधुर आश्वासन भी किया था और जिस दिन हमारा आयोजन हो रहा था उस दिन तथाकथित ‘प्रयागराज इलेक्ट्रॉनिक मीडिया वेलफेयर क्लब’ की ओर से संचालित समाचार-चैनलवाले ऐसे ग़ायब दिखे, जैसे गधे के सिर से सींग।
ऐसे विश्वासघाती लोग से कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है। अफ़सोस! जिस हिन्दी के नाम पर अपना और अपने परिवारवालों के पेट वे मीडियाकर्मी पाल रहे हैं, उसी के प्रति विश्वासघात! घिन्न आती है, ऐसे लोग के आचरण की सभ्यता से।
मत भूलिए, अपराध :— हत्या, बलात्कार, आत्महत्या, अपहरण, फिरौती, हिंसक-विध्वंसक धरना-प्रदर्शन इत्यादिक नकारात्मक जीवनशैली में उनका मन-मस्तिष्क और कैमरा इतनी गहराई में लगा रहता है कि सकारात्मक ऊर्जा का वे विकास कर ही नहीं पाते। यही कारण है कि राजनीति, अपराध, छिछले स्तर की सामाजिक गतिविधियाँ उनकी प्रथम प्राथमिकता बनी रहती है। समाचार-चैनलकर्मी बुद्धिजीविता से इतर कर्म करने लगे हैं। इससे अधिक विडम्बना और क्या हो सकती है कि आज इलाहाबाद का औसत गम्भीर साहित्यकार किसी भी स्थानीय समाचार-चैनल के प्रतिनिधि का नाम तक नहीं जानता।
इलाहाबाद का आकाशवाणी और दूरदर्शन-केन्द्र को तो बन्द ही कर देना चाहिए। वहाँ के केन्द्रनिदेशक, सहायक केन्द्र-निदेशक, कार्यक्रम-अधिशाषी आदिक आरामतलबी करने की तनख़्वाह ले रहे हैं। ‘भाषा’ के नाम पर उनका ज्ञान ‘नील बटे सन्नाटा’ है :– वे सभी किसी भी विषय पर १० वाक्य तक शुद्ध नहीं लिख सकते। इलाहाबाद की सारस्वत गतिविधियों से उनका दूर-दूर तक कहीं-कोई प्रयोजन नहीं दिखता।
इनसे बेहतर इलाहाबाद से प्रकाशित समाचारपत्रों के वे संवाददाता हैं, जो प्रतिदिन यहाँ की सारस्वत गतिविधियों और सम्बन्धित साहित्यकारों के सम्पर्क में बने रहते हैं।
(सर्वाधिकार सुरक्षित : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, इलाहाबाद; २९ सितम्बर, २०१८ ईसवी)