राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष में जिला ग्राम्य विकास प्राधिकरण (प्रशासन) योजना के तहत 07 जनपदों को 157.40 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की है । जिन जनपदों को यह धनराशि जारी की गई है उनमें आगरा, महाराजगंज, रायबरेली, सोनभद्र, सुल्तानपुर, बाराबंकी और शाहजहांपुर शामिल हैं । ग्राम्य विकास के प्रमुख सचिव श्री अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि इस संबंध में अग्रिम कार्यवाही किये जाने के लिए ग्राम्य विकास आयुक्त उत्तर प्रदेश को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ।
प्रमुख सचिव ने आगे बताया कि इस धनराशि के व्यय में मितव्ययिता और समय-समय पर जारी आदेशों का विशेष रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं । धनराशि के व्यय में वित्तीय नियमों का उल्लंघन होता है, तो इसकी सूचना तत्काल आयुक्त ग्राम्य विकास उत्तर प्रदेश को दी जाए । श्री अनुराग श्रीवास्तव ने बताया केंद्रांश एवं राज्यांश की धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र राज्य सरकार एवं भारत सरकार को समय से प्रेषित किया जाए । इसके साथ ही वर्ष के अंत में बिना खर्च की गई धनराशि 31 मार्च, 2018 को समर्पित कर दी जाए ।