प्रेमिका की शादी तय होने पर जहर खिलाने वाला प्रेमी गिरफ्तार

प्रेमिका को सल्फास खाने के लिए मजबूर कर उसकी जान लेने के आरोप में प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवती के घर वालों की शिकायत पर प्रेमी के ऊपर युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज़ कर किया गया था। युवती की अगले महीने शादी होने वाली थी, जबकि प्रेमी शादी न करने की जिद पर था।
प्रेमी के बहकावे में आकर युवती ने सल्फास खाकर अपनी जान दे दी। दरअसल, माधौगंज थाने के तपनौर गांव की रहने वाली नेहा की 13 मई को जहर खाने से मौत हो गयी थी। परिवारीजनों का आरोप है कि नेहा की शादी अगले महीने की 18 जून को होने वाली थी। नेहा को गांव का ही एक लड़का शुभम अपने प्रेम जाल में फंसाये हुए था। शुभम ने उनकी बेटी नेहा को शादी करने पर उसके दूल्हे की हत्या करने की धमकी देते हुए शादी से मना करने की बात कही थी। घरवालों का आरोप है कि इसी बात को लेकर शुभम ने नेहा को बुलाया। इसके बाद उसे सल्फास की गोलियां खाने को कहा। उनका कहना है कि शुभम के बहकावे में आकर उनकी बेटी ने सल्फास की गोलियां खा लीं, जिसके बाद उसको गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। परिवारवालों की शिकायत पर पुलिस ने शुभम के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित कर जान लेने का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने इसी मामले में फरार चल रहे कथित प्रेमी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।