कार ने बाइक और साइकिल में मारी टक्कर, दो की मौत

देहात कोतवाली क्षेत्र के हरदोई-लखनऊ मार्ग पर एक कार ने नयागांव के पास बाइक सवार और फिर कंडौहना मोड़ पर साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई। हादसों की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेतुई निवासी महेश (50) पुत्र दोलन मजदूरी का काम करते थे। पुत्र राजकुमार ने बताया कि वह तीन भाइयों और दो बहन है। बुधवार शाम को पिता बाइक लेकर नयागांव में स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के लिए गए थे। पेट्रोल डलवाकर खेतुई आते समय नयागांव के पास लखनऊ की ओर से आ रही अनियंत्रित कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंच गया। तभी यूपी 100 पुलिस की वहां पर आ गई और उन्हें लेकर जिला अस्पताल आ रही थी। रास्ते में कंडौना की मोड़ पर एक साइकिल सवार घायलावस्था में पड़े था। जिन्हें उसी कार ने टक्कर मारी थी। उन्हें भी गाड़ी पर बैठाया और लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पर डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। कंडौहना गांव के लोगों ने हादसे की जानकारी गांव में दी। जानकारी मिलते ही कंडौहना निवासी राकेश पुत्र हीरालाल ने शव को देखकर उनकी पहचान अपने मामा छेदालाल (52) पुत्र लोचन निवासी सिरसा बजेहरा कोतवाली पिहानी के रूप में की। उन्होंने बताया कि पिछले गुरुवार को उनके पिता हीरालाल की मौत हो गई थी। बुधवार को उनकी तेहरवीं थी जिसमें शामिल होने के लिए मामा आए थे। साइकिल से घर जाते समय हादसा हो गया। उनके तीन बेटे और एक बेटी है।