हरदोई के मझिला के थानेदार के द्वारा होमगार्डों को मारने और उनसे नगदी छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित होमगार्डों ने आरोप लगाते हुए कहा कि अकेले राइफल नहीं ले जाने से इनकार करने पर थानाध्यक्ष ने हम लोगों की पिटाई कर दी। इसके बाद होमगार्डों ने नारेबाजी करते हुए थाना मझिला में ड्यूटी करने से इनकार कर दिया है।होमगार्ड एसपी से मिले और नाराजगी जाहिर करते हुए मामले में कार्यवाई की मांग की।
जिले के थाना मझिला के थानेदार विनोद कुमार मिश्रा पर होमगार्डों के साथ मारपीट करने के मामले में अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच होमगार्डों ने मामले की शिकायत एसपी से की है। होमगार्ड जलील खां का आरोप है कि 25 जुलाई की रात को थानाध्यक्ष ने उनसे अन्य होमगार्डों की ड्यूटी के बारे में पूछा क्योंकि दो होमगार्ड सुनील कुमार और रामचंद्र की ड्यूटी सिपाहियों के साथ हमराही के रूप में बैंक ड्यूटी लगी थी। लेकिन आरक्षी सिपाहियों के द्वारा बैंक ड्यूटी पर ना जाने से होमगार्डों ने अकेले राइफल लेकर जाने से इंकार कर दिया। इस बात से खफा थानाध्यक्ष ने तीनों की पिटाई कर दी।
आरोप है कि थानाध्यक्ष ने जलील खां की पिटाई के बाद होमगार्डों को लॉकअप में बंद करवा दिए और 450 रुपये भी छीन लिए। इसके बाद उन्होंने लॉकअप में बंद कर जेल भेजने की धमकी दी। काफी मनुहार करने पर होमगार्डों को छोड़ा गया। थानाध्यक्ष के अभद्र व्यवहार से आक्रोशित होमगार्ड लामबंद हो गए और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा से की।
अरविंद सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष होमगार्ड संघ का कहना है कि पुलिस द्वारा पीड़ितों को लगातार धमकी दी जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है। और इस मामले की जांच सी ओ शाहाबाद को सौपी गई है और जो भी दोषी होगा उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।