अज्ञात वाहन से कुचलकर एक दर्जन गोवंश मरे, हिंदू संगठनों ने हाइवे पर लगाया जाम 

             हरदोई– कोतवाली कछौना इलाके में लखनऊ हरदोई हाईवे पर भीरीघाट गांव के सामने अज्ञात वाहन से कुचलकर करीब एक दर्जन गोवंश की मौत से नाराज हिंदू संगठन के लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। जाम करीब 1 घंटे लगा रहा और कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नही पहुंचा।काफी देर बाद डीएम पुलकित खरे से फोन पर हुई वार्ता के बाद संगठन के जिम्मेदारों ने जाम हटाया। पुलिस ने सभी गोवंशों के शवों का पोस्टमार्टम करा कर उनका अंतिम संस्कार किया है वहीं घायल गोवंशों का इलाज कराया गया।
            कोतवाली कछौना क्षेत्र में लखनऊ हरदोई मार्ग पर भीरीघाट गांव के आसपास सुबह लोगों ने देखा तो हाईवे पर करीब एक दर्जन गोवंश जख्मी व मृत अवस्था में पड़े थे। जानकारी लगते ही लोगों की भीड़ लग गई तो हड़कंप मच गया।घटना की जानकारी हिंदू संगठन के लोगों को हुई तो संघटन के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हाईवे पर जाम लगा दिया और हंगामा करने लगे।
            घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाल जितेंद्र मोहन सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने की कोशिश की लेकिन आक्रोशित लोग जाम करने को तैयार नहीं हुए तो मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। करीब 1 घंटे तक हंगामा होता रहे लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। काफी देर बाद जिलाधिकारी पुलकित खरे से कोतवाल जितेंद्र मोहन सरोज ने बात कराई और डीएम से वार्ता के बाद संगठन के लोगों ने जाम हटाया उसके बाद वाहनों का संचालन शुरू हुआ।
          वही मौके पर ही पशु चिकित्सा अधिकारी को बुलवाकर पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया और डॉक्टरों की टीम ने घायल गोवंशों का इलाज किया। संगठन के लोगों का आरोप है इतनी बड़ी संख्या मे गोवंश किसी साजिश के तहत मारे गए है। हालांकि पुलिस मामले में जांच की बात कर रही है।