कछौना (हरदोई) – कोतवाली कछौना के अंतर्गत हाई वोल्टेज विद्युत पोल पर काम कर रहा विद्युत संविदा कर्मी विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही के चलते करंट की लगने से झुलसकर गंभीर रूप से घायल गया l गंभीर हालत में उसका इलाज ट्रामा सेंटर लखनऊ में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है l
विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही विभाग में काम करने वाले संविदा कर्मियों पर भारी पड़ रही है l जवाबदेही के अभाव में विभाग की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है l मिली जानकारी के अनुसार विद्युत उपकेंद्र कछौना में तैनात विद्युत संविदा कर्मी देशराज उर्फ डीके निवासी ग्राम हिंदूखेड़ा हादसे का शिकार हो गया l हादसा उस समय हुआ जब विद्युत संविदाकर्मी देशराज बुधवार को दोपहर ग्राम उचौली में ग्यारह हज़ार के हाई वोल्टेज विद्युत पोल पर शटडाउन लेकर कार्य कर रहा था l परंतु विद्युत उपकेंद्र कछौना में ड्यूटी पर बैठे एसएसओ ईश्वरदीन ने घोर लापरवाही बरतते हुए शटडाउन देना भूल गया l जिस समय संविदा कर्मी पोल पर कार्य कर रहा था उस समय मेन लाइन रोस्टिंग पर थी l जिससे अचानक विद्युत आपूर्ति चालू होने से हाई वोल्टेज विद्युत पोल पर काम कर रहा संविदा कर्मी देशराज हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर तेज आवाज के साथ पोल से नीचे गिरा l हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से उसका हाथ, पैर, सिर, पेट बुरी तरह झुलस गया l विद्युत संविदाकर्मी के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई l ग्रामीणों द्वारा सूचना पर पहुंचे विद्युत कर्मियों की मदद से उसे 108 एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना लाया गया l जहाँ हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे जिला चिकित्सालय हरदोई और हरदोई से लखनऊ ट्रामा रेफर कर दिया l जहाँ पर उसका इलाज चल रहा है l समाचार लिखे जाने तक उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी l
इस मामले में जब दुर्घटना के समय विद्युत केंद्र में मौजूद एसएसओ ईश्वरदीन से बात की गई तो उसने पल्ला झाड़ते हुए बताया कि जिस समय संविदाकर्मी देशराज विद्युत पोल पर कार्य कर रहा था, उस दौरान मेन लाइन पर रोस्टिंग चल रही थी l देशराज ने मुझसे शटडाउन लिया था या नही यह याद नही है l वहीं इस संबंध में जब विद्युत उपकेंद्र कछौना के अवर अभियंता राजेश गौतम से बात की गई तो वह घटना का स्पष्ट कारण नहीं बता सके l सोनी बताया कि संविदा कर्मी के होश में आने पर ही दुर्घटना का कारण स्पष्ट हो सकेगा l
*श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन के बिना व सुरक्षा उपकरणों के अभाव में कार्य कर रहे विद्युत संविदा कर्मी*
ठेकेदारों के अधीनस्थ कार्य कर रहे विद्युत कर्मियों को कई महीनों तक वेतन नहीं मिलता है l इसके अलावा ठेकेदार द्वारा लाइन में कार्य करने वाले कर्मियां को सुरक्षा के कोई उपकरण नहीं दिये जाते है, न तो लाइन मैन के पास गलब्स है और न ही उच्च स्तर के प्लास जिनसे वह सुरक्षित कार्य कर सके। सबसे बड़ी बात उनके पास अर्थिंग केबल तक उप्लब्ध नहीं होता है। जिससे यदि कहीं से वापसी का करंट आता है तो वह बच सके। दुर्घटना होने पर विभाग यह कह कर पल्ला झाड़ लेता है कि जनेरेटर, इन्वर्टर या फिर दूसरी जगह से लाइन वापसी आ गयी।
आज की तारिख में जनपद की विद्युत व्यवस्था को ठीक करने की पूरी जिम्मेदारी ठेकेदारों के द्वारा रखे गये तथाकथित कर्मियों के द्वारा की जाती है। जिनका श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन तक नहीं है। वहीं विभागीय अधिकारी भी कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
रिपोर्ट : अनुज जायसवाल