पिहानी- दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को पीटकर पीटकर जान लेने की कोशिश करने के आरोपी ससुरालियों पर पुलिस ने दहेज एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। शाहपुर सैदान गांव निवासी कलावती पत्नी राधेश्याम ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसने अपनी पुत्री नीलम का विवाह 23 मार्च 2018 को अमरैया थाना पिसावां सीतापुर के शत्रोहन पुत्र मायाराम के साथ किया था।
शादी के एक माह बाद से ही ससुराली नीलम को कम दहेज के ताने और दहेज में बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। प्रताड़ना में नीलम पर तेल छिड़क कर आग लगाने की भी कोशिश की। गत 2 अक्टूबर 2018 को पति व ससुरालियों ने मिलकर नीलम को मारापीटा और बाइक से हरैया नहर पर लाकर नहर में डालने की कोशिश की। लोगों की आवाजाही के कारण उसे वहीं छोड़ कर फरार हो गए। नीलम ने जैसे तैसे घर पहुंच कर ससुरालियों की करतूत बताई। पुलिस ने आरोपी पति शत्रोहन, मायाराम (ससुर), चचेरे ससुर गैंदन, सास फूलमती निवासीगण अमरैया थाना पिसावां तथा आशीष व शहरु निवासीगण निन्ही थाना पिसावां सीतापुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है।