धूमधाम से निकली राम-सीता बारात, झाँकियों ने मनमोहा

                 पिहानी- कस्बे में आयोजित रामलीला में राम-सीता बारात शोभा यात्रा निकाली गयी। वरयात्रा में चारों भाइयों की झांकी सहित माता दुर्गा, भगवान श्री हरि, माता लक्ष्मी आदि की झाकियां भी सम्मिलित रूप से रहीं। जिन्होंने सभी का मनमोहा। भगवान राम का मुकुट अपनी एक अलग आभा बिखेर रहा था जबकि उनके चेहरे पर कई सूर्यों के समान तेज था।
                 अभिषेक वैश्य, अमित मिश्रा, मोहित, हनी, शानू रस्तोगी सहित कस्बे के मनीषियों ने शोभायात्रा का नेतृत्व किया। शोभायात्रा में जगह जगह पुष्पों से वर्ष हुई और स्वागत किया गया। यात्रा में हर झांकी के साथ बारातियों का समूह चल रहा था, जिसे देखकर लोग मोहित हो रहे थे। अपने घरों के ऊपर से लोग वर यात्रा को देख रहे थे। गुरु वशिष्ठ और गुरु विश्वामित्र के मार्गदर्शन में श्रीराम व लक्ष्मण का रथ चल रहा था। ठाकुरद्वारा से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए वरयात्रा वहां पहुंची, जहां माता सीता व महाराजा जनक उनका इंतजार कर रहे थे। वरयात्रा के वहाँ पहुंचते ही मंगल-शहनाइयां बजने लगीं और वातावरण सुखमय व आनंदित हो गया। चारों तरफ सियाराम चंद्र की जय के जयकारे गूंजने लगे और लोग हर्षित हो उठे। गुरु विश्वामित्र और वशिष्ट की आज्ञा पाकर श्री राम चन्द्र ने सीता से विवाह कर राम राज्य की प्रथम नींव डाली। इस मौके पर समिति के सभी सदस्य, नगरवासी व दूर-दराज से आये लोग उपस्थित रहे।